Aapka Rajasthan

रेवंत रेड्डी ने राहुल गांधी के झूठ को किया उजागर: भाजपा

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के भारत की 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने संबंधी बयान ने भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर राहुल गांधी के दावों की पोल खोल दी है। भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को भारत की अर्थव्यवस्था की प्रगति दिखाई नहीं देती, जबकि उन्हें पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था से विशेष लगाव है।
 

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के भारत की 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने संबंधी बयान ने भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर राहुल गांधी के दावों की पोल खोल दी है। भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को भारत की अर्थव्यवस्था की प्रगति दिखाई नहीं देती, जबकि उन्हें पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था से विशेष लगाव है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर विदेश यात्राओं के दौरान भारत विरोधी ताकतों से मुलाकात करने का भी आरोप लगाया।

भंडारी ने कहा, "एक तरफ राहुल गांधी भारतीय अर्थव्यवस्था को बर्बाद बता रहे हैं और भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं उनकी अपनी पार्टी के नेता देश में वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस के ही एक नेता ने राहुल गांधी के भारत विरोधी, भारतीय लोकतंत्र विरोधी और भारतीय अर्थव्यवस्था विरोधी एजेंडे को उजागर कर दिया है।"

भाजपा प्रवक्ता का इशारा तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के उस बयान की ओर था, जिसमें उन्होंने कहा था, "तेलंगाना राइजिंग का लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत के विजन के अनुरूप है। भारत 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा और इसमें तेलंगाना का योगदान 3 ट्रिलियन डॉलर होगा।"

इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भंडारी ने कहा कि इसका मतलब है कि कांग्रेस के नेता भी स्वीकार कर रहे हैं कि देश में कोई आर्थिक संकट नहीं है और भारत 2047 तक विकसित भारत बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इस वास्तविकता को नहीं देख पा रहे हैं, जिसे पूरी दुनिया देख रही है और अब रेवंत रेड्डी ने भी स्वीकार किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के मन में भारत के लोगों, अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र के प्रति नफरत है, जबकि पाकिस्तान के प्रति उनका लगाव है। भंडारी ने सवाल किया कि जब राहुल गांधी विदेश दौरों के दौरान ऐसे लोगों और ताकतों से मिलते हैं, जो पाकिस्तान को भारत से बेहतर दिखाने की कोशिश करते हैं, तो वे भारत की प्रगति को कैसे देख पाएंगे?

आईएमएफ और विश्व बैंक की रिपोर्टों का हवाला देते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर इस बात को स्वीकार किया जा रहा है कि भारत सुरक्षित, स्थिर और आर्थिक रूप से समृद्ध है। उन्होंने कहा कि रेवंत रेड्डी भी यही बात कह रहे हैं, लेकिन राहुल गांधी इसे समझ नहीं पा रहे हैं।

भंडारी ने राहुल गांधी पर विदेशों में अपनी बातचीत के दौरान पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को आदर्श के रूप में पेश करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कर्ज में डूबा हुआ है और दुनिया की सबसे पिछड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।

भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने यह बयान राहुल गांधी की टिप्पणियों से आहत होकर दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत की अर्थव्यवस्था, उसकी बढ़ती प्रगति, लोकतंत्र और देश की सुरक्षा से नफरत करते हैं, इसलिए वे माफी नहीं मांगेंगे। देश और युवाओं को इस बात पर ध्यान देना चाहिए।

भंडारी ने कहा कि इस बात पर कोई सवाल नहीं है कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के एक मौजूदा मुख्यमंत्री ने ही भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर उनके दावों और पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था के प्रति उनके लगाव को उजागर कर दिया है, इसके बावजूद उन्होंने माफी नहीं मांगी और विदेशों में भारत विरोधी एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने सवाल किया कि जब रेवंत रेड्डी खुद स्वीकार कर रहे हैं कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है, तो क्या राहुल गांधी अपना रुख बदलेंगे? भंडारी ने आरोप लगाया कि यदि राहुल गांधी ऐसा नहीं करते हैं, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि कांग्रेस, यूपीए और राहुल गांधी की आर्थिक सोच पाकिस्तान से प्रभावित है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यूपीए सरकार के दौरान इसी आर्थिक सोच के कारण भारत दुनिया की 'फ्रेजाइल फाइव' अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया था। इसी सोच ने भारत और पाकिस्तान की अर्थव्यवस्थाओं को लगभग एक ही स्तर पर लाने की कोशिश की और 30 करोड़ गरीब लोगों को गरीबी रेखा से नीचे रखा।

भंडारी ने राहुल गांधी के साथ-साथ कांग्रेस नेताओं इमरान मसूद और जयराम रमेश पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब जब रेवंत रेड्डी भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन के अनुरूप बात कर रहे हैं, तो उन्हें वोट बैंक की राजनीति बंद कर भारत के प्रति नफरत और पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था के प्रति लगाव छोड़ देना चाहिए।

--आईएएनएस

डीएससी