तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने केसीआर परिवार पर भारी संपत्ति जमा करने का लगाया आरोप
हैदराबाद, 30 सितंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री और बीआरएस अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव (केसीआर) और उनके परिवार के सदस्यों पर सत्ता के महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए भारी संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने दावा किया कि केसीआर और उनके परिवार ने तेलंगाना आंदोलन का फायदा उठाकर हजारों करोड़ की संपत्ति जमा कर ली। उन्होंने सैकड़ों एकड़ जमीन पर फार्महाउस बनवाए और आलीशान जीवन जी रहे हैं।
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव (केटीआर) द्वारा प्रतिनिधित्व किए जाने वाले सिरसिल्ला निर्वाचन क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने उन पर और उनके पिता, केसीआर, पर तीखा हमला बोला।
मुख्यमंत्री के रूप में सिरसिला की अपनी पहली यात्रा पर, रेवंत रेड्डी ने एक रोड शो किया। यह बीआरएस के गढ़ में सत्तारूढ़ कांग्रेस द्वारा शक्ति प्रदर्शन का एक बड़ा उदाहरण था।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने राज्य में बीआरएस के 10 साल के शासनकाल के दौरान अपने परिवार के सदस्यों को शीर्ष पदों पर आसीन होने और सत्ता का आनंद लेने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए केसीआर पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि केटीआर ने 2009 के चुनावों में सिरसिल्ला सीट महज 172 वोटों के अंतर से जीती थी और अपनी शक्ति का दुरुपयोग करते हुए एक लाख करोड़ रुपए की चौंका देने वाली संपत्ति जमा कर ली थी।
रेवंत रेड्डी ने लोगों से पूछा कि क्या केसीआर परिवार ने इन सभी वर्षों में उनकी किसी भी प्रकार से मदद की है।
उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि वे व्यक्तिगत रूप से उनके जीवन में बदलाव लाने की जिम्मेदारी उठाएंगे।
उन्होंने कहा, "राज्य की राजनीति में बीआरएस, केसीआर और केटीआर अतीत बन जाएंगे और कांग्रेस 2034 तक सत्ता में बनी रहेगी।"
उन्होंने मांग की कि केटीआर अपनी और अपने परिवार के सदस्यों, जिनमें केसीआर, हरीश राव और संतोष कुमार शामिल हैं, की संपत्ति पर एक श्वेत पत्र जारी करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह केटीआर की अमेरिका और सिंगापुर में स्थित संपत्तियों का भी खुलासा करेंगे।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने विधानसभा सत्र में अनुपस्थित रहने के लिए केसीआर की आलोचना की और आरोप लगाया कि वह दलित अध्यक्ष को 'सर' कहकर संबोधित करने को तैयार नहीं थे।
--आईएएनएस
एसएके/एमएस
