बेटे डीकन के ग्रेजुएशन पर भावुक हुईं रीज विदरस्पून, बोलीं- 'चार साल की मेहनत का मिला फल'
मुंबई, 16 मई (आईएएनएस)। हॉलीवुड अभिनेत्री रीज विदरस्पून ने बेटे डीकन के ग्रेजुएट होने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया पर बेटे की ग्रेजुएशन से जुड़ी कई खूबसूरत तस्वीरें साझा कीं और बताया कि उनके बेटे ने लगातार चार साल तक कड़ी मेहनत की और अब उसने अपनी पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। अभिनेत्री का यह पोस्ट अब तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, रीज विदरस्पून ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें पोस्ट की। इन तस्वीरों में वह अपने बेटे डीकन के साथ बेहद खुश नजर आ रही हैं।
इन तस्वीरों के साथ रीज ने कैप्शन में लिखा, ''चार साल की मेहनत, लंबे दिन, लगातार पढ़ाई, कभी खत्म न होने वाले पेपर और क्लास, बेहतरीन टीचर्स के साथ सीखने के बाद मेरा बेटा ग्रेजुएट हो गया है। मुझे अपने बेटे पर गर्व है।''
जानकारी के लिए बता दें कि डीकन, रीज विदरस्पून और अभिनेता रयान फिलिप के बेटे हैं। रीज और रयान की पहली मुलाकात साल 1997 में अभिनेत्री के 21वें जन्मदिन की पार्टी में हुई थी। इसके बाद, दोनों करीब आए और 1998 में सगाई कर ली। साल 1999 में दोनों शादी के बंधन में बंध गए। इस शादी से उनके दो बच्चे हुए, जिनमें बेटा डीकन और बेटी एवा एलिजाबेथ फिलिप शामिल हैं। हालांकि बाद में दोनों के रिश्ते में दूरियां आ गईं।
साल 2006 में रीज और रयान ने अलग होने का फैसला लिया और साल 2007 में उनका तलाक हो गया।
अगर रीज विदरस्पून के करियर की बात करें, तो वह हॉलीवुड की सबसे सफल अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। शानदार अभिनय के लिए उन्हें कई बड़े अवॉर्ड्स मिले, जिसमें एकेडमी अवॉर्ड, प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड और गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड शामिल है।
रीज ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 1991 में फिल्म 'द मैन इन द मून' से की थी। इसके बाद उन्होंने 'फ्रीवे एंड फियर', 'क्रूएल इंटेंशन्स', 'ब्लैक कॉमेडी इलेक्शन', 'लीगली ब्लॉन्ड' और 'स्वीट होम अलबामा' जैसी फिल्मों में काम किया।
हाल ही में रीज फिल्म 'यू आर कॉर्डियली इनवाइटेड' में नजर आई थीं। इस फिल्म का निर्देशन निकोलस स्टोलर ने किया था और इसमें विल फेरेल भी मुख्य भूमिका में थे।
--आईएएनएस
पीके/पीएम
