आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने देहरादून में वित्तीय साक्षरता शिविर का किया दौरा, लोगों को पेंशन और बीमा योजनाओं का लाभ उठाने के लिए किया प्रोत्साहित
नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने सोमवार को देहरादून जिले के सहसपुर में क्रिसिल फाउंडेशन द्वारा आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविर का दौरा किया। यह शिविर सेंटर फॉर फाइनेंशियल लिटरेसी (सीएफएल) में आयोजित किया गया था।
यह शिविर भोपालपानी, बड़ासी और सोडा सरौली ग्राम पंचायतों के स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के लिए आयोजित किया गया था।
अपने इस दौरे के दौरान मल्होत्रा ने नागरिकों को सशक्त बनाने और लंबे समय की आर्थिक स्थिरता के लिए वित्तीय साक्षरता के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने लोगों को वित्तीय जानकारी बढ़ाने और भारत सरकार की विभिन्न पेंशन और बीमा योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
वित्तीय सेवाओं को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की जरूरत बताते हुए, आरबीआई गवर्नर ने सीएफएल अधिकारियों से कहा कि वे समाज के हर वर्ग, खासकर दूरदराज और पिछड़े इलाकों में रहने वाले लोगों को जागरूक करने के प्रयास तेज करें, ताकि वित्तीय समावेशन बढ़ सके।
उन्होंने प्रतिभागियों से यह भी अपील की कि वे ऐसे शिविरों से मिली जानकारी को अपने परिवार, दोस्तों और पड़ोसियों के साथ साझा करें, ताकि जागरूकता और ज्यादा फैले।
मल्होत्रा ने स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से बातचीत की और उनके द्वारा प्रदर्शित उत्पादों में रुचि दिखाई, साथ ही उनके प्रयासों की सराहना की।
इस शिविर में बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट्स भी शामिल हुए, जिन्होंने मौके पर ही लोगों को बुनियादी बैंकिंग सेवाएं दीं।
यहां सिक्कों और पुराने या खराब नोटों के आदान-प्रदान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, साथ ही लोगों की सुविधा के लिए एक मोबाइल एटीएम वैन भी मौजूद रही।
इस कार्यक्रम में आरबीआई, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
देहरादून के आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक अरविंद कुमार और ब्लॉक विकास अधिकारी भी इस शिविर में शामिल हुए।
अपने दौरे के दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से भी बातचीत की।
शिविर में बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट्स ने लोगों को बैंकिंग की बुनियादी सेवाएं उपलब्ध कराईं।
कुछ स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पाद भी प्रदर्शित किए, जिनमें आरबीआई गवर्नर ने रुचि दिखाई और उनकी सराहना की।
--आईएएनएस
डीबीपी
