रवि किशन की अगली फिल्म में दिखेगा आस्था का अनोखा रंग, इमोशन और कॉमेडी से भरपूर होगी कहानी
मुंबई, 29 सितंबर (आईएएनएस)। एक्टर और नेता रवि किशन ने भोजपुरी सिनेमा से लेकर हिंदी फिल्मों और वेब शोज तक, अपने काम से एक अलग पहचान बनाई है। अब रवि किशन एक ऐसी फिल्म में लीड रोल निभाने जा रहे हैं, जिसकी कहानी आस्था और इंसान के रिश्ते को एक अलग नजरिए से दिखाएगी।
फिल्म में उनका किरदार भगवान को सिर्फ भक्त नहीं, बल्कि उन्हें अपना सबसे करीबी दोस्त मानता है। इस अनोखे रिश्ते के साथ कहानी में इमोशन, ह्यूमर और ड्रामा भी देखने को मिलेगा।
महावीर जैन फिल्म्स की ओर से प्रस्तुत की जाने वाली इस अनटाइटल्ड फिल्म में रवि किशन लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी पूरी तरह उनके किरदार के इर्द-गिर्द घूमेगी। बताया जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट में रवि किशन का एक ऐसा अंदाज देखने को मिलेगा, जो उनके अब तक के कई किरदारों से काफी अलग होगा। मेकर्स फिल्म को भक्ति ड्रामा की तरह बनाने के बजाय इसे मनोरंजक तरीके से दर्शकों के सामने लाने की तैयारी में हैं। फिल्म में आस्था, इमोशन और कॉमेडी से भरपूर कहानी होगी।
फिल्म की कहानी एक ऐसे शख्स पर आधारित है, जो भगवान को अपना सबसे करीबी दोस्त मानता है और उनके साथ लगभग निजी रिश्ता महसूस करता है। कहानी इसी भावनात्मक जुड़ाव को केंद्र में रखकर आगे बढ़ेगी। फिल्म में यह दिखाने की कोशिश होगी कि किसी इंसान की आस्था सिर्फ पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होती, बल्कि उसका भगवान के साथ रिश्ता दोस्ती और भरोसे का भी हो सकता है।
इस कहानी को अमित आर्यन ने लिखा है और वही फिल्म का निर्देशन भी कर रहे हैं। फिल्म को महावीर जैन फिल्म्स प्रस्तुत कर रहा है। रवि किशन के लिए महावीर जैन के साथ यह दूसरा प्रोजेक्ट होगा। इससे पहले दोनों कार्तिक आर्यन स्टारर फिल्म 'नागजिला' के लिए साथ आए थे। वहीं फिल्म को मृगदीप सिंह लांबा, विनायक कुमार, कविन शाह और शिखा के. अहलूवालिया प्रोड्यूस करेंगे। रैटपैक स्टोरीज के विजय सुब्रमण्यम और क्षितिज मेहता भी फिल्म के प्रोडक्शन से जुड़े हैं।
--आईएएनएस
पीके/एएस
