रणवीर बरार ने बताया घर में खाने को सुरक्षित रखने का तरीका, बोले- लोकल मार्केट से खरीदें ताजी सब्जियां
मुंबई, 29 सितंबर (आईएएनएस)। सेलिब्रिटी शेफ और एक्टर रणवीर बरार अपने क्विज शो 'यस शेफ' को लेकर चर्चा में हैं। शो को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसी बीच आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में रणवीर ने घर में खाने की क्वालिटी और उसकी फ्रेशनेस बनाए रखने को लेकर कुछ जरूरी बातें साझा की।
उन्होंने कहा कि अगर हम चाहते हैं कि हमारी किचन और डाइनिंग टेबल तक अच्छी और ताजी चीजें पहुंचें, तो सबसे पहले हमें खुद लोकल मार्केट जाकर खरीदारी करने की आदत डालनी चाहिए।
मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में अपने नए स्ट्रीमिंग शो 'यस शेफ' के प्रमोशन के दौरान आईएएनएस से बातचीत में रणवीर बरार ने कहा कि ताजी सब्जियों और खाने की क्वालिटी के लिए लोकल बाजार से खरीदारी करना काफी जरूरी है। आजकल 10 मिनट में सामान पहुंचाने वाले ऐप्स ने हमारे खरीदारी करने के तरीके को काफी बदल दिया है।
रणवीर ने कहा, ''मेरा मानना है कि सबसे पहले आपको लोकल मार्केट से खुद जाकर खरीदारी करनी चाहिए। अगर हम फ्रेशनेस की बात कर रहे हैं तो यह बहुत जरूरी है। हम सभी ने सब्जी मंडी जाना लगभग बंद कर दिया है। 10 मिनट में सामान पहुंचाने वाले ऐप्स ने सब्जी बाजार से खरीदारी करने की पूरी संस्कृति बदल दी है। जब आप पूरी गाड़ी में ताजी सब्जियां देखते हैं, तब आपको ताजे खाने की असली वैल्यू समझ आती है। भले ही आप ऑनलाइन पत्ता गोभी का एक छोटा सा पैकेट ऑर्डर करें, लेकिन आप उस तरह उसका आनंद नहीं ले पाएंगे।''
उन्होंने आगे कहा, ''जरूरत पड़ने पर क्विक डिलीवरी ऐप्स का इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन रोजमर्रा की आदत के तौर पर लोकल बाजार से ताजी सब्जियां खरीदना बेहतर है। इसके साथ ही अगर हम जरूरत के हिसाब से ही खाना बनाएंगे, तो फ्रिज में बचा हुआ खाना कम जमा होगा। इससे न सिर्फ खाना बर्बाद होने से बचेगा, बल्कि घर के लोगों पर उसे जल्दी खत्म करने का दबाव भी कम होगा।''
रणवीर की यह सलाह ऐसे समय में आई है जब खाने की क्वालिटी और फूड सेफ्टी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। महाराष्ट्र में भी हाल के महीनों में खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाने से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन ने कई जगह कार्रवाई की है। महाराष्ट्र एफडीए के कमिश्नर तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में दूध में मिलावट, सिंथेटिक मिल्क और फूड सेफ्टी नियमों के उल्लंघन को लेकर राज्यभर में जांच और कार्रवाई तेज की गई है। जुलाई में एफडीए ने दूध की पूरी सप्लाई चेन के लिए भी सख्त नियम जारी किए थे।
महाराष्ट्र में आर्टिफिशियल या एनालॉग पनीर को लेकर भी सख्त कदम उठाया गया है। 30 जुलाई 2026 के आदेश के तहत राज्य में नॉन-डेयरी या एनालॉग पनीर के निर्माण, स्टोरेज, ट्रांसपोर्ट और बिक्री पर एक साल के लिए रोक लगाई गई। इसका मकसद ऐसे उत्पादों को असली डेयरी पनीर के नाम पर बेचे जाने से रोकना और ग्राहकों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
--आईएएनएस
पीके/एएस
