Aapka Rajasthan

पश्चिम बंगाल : रामपुरहाट नगरपालिका ने छठ पूजा के लिए मांस की दुकानें दो दिन बंद रखने का आदेश दिया

कोलकाता, 14 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में रामपुरहाट नगरपालिका ने छठ पूजा के मौके पर सड़क किनारे मांस की दुकानें दो दिन तक बंद रखने का निर्देश जारी किया है। इस आदेश से स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है और एक राजनीतिक विवाद भी खड़ा हो गया है।
 

कोलकाता, 14 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में रामपुरहाट नगरपालिका ने छठ पूजा के मौके पर सड़क किनारे मांस की दुकानें दो दिन तक बंद रखने का निर्देश जारी किया है। इस आदेश से स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है और एक राजनीतिक विवाद भी खड़ा हो गया है।

नगर निकाय के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि रामपुरहाट नगरपालिका के चेयरमैन के हस्ताक्षर और आधिकारिक मुहर वाला यह नोटिस शुक्रवार को जारी किया गया था। यह नोटिस शहर के कोर्ट लेन इलाके में सड़क किनारे एक कतार में स्थित मांस की तीन दुकानों को दिया गया है।

नोटिस में कहा गया है, "रामपुरहाट नगरपालिका की ओर से आपको सूचित किया जाता है कि छठ पूजा के अवसर पर रविवार और सोमवार (15 और 16 नवंबर, 2026) को दुकानें बंद रहेंगी।"

इसमें दुकानदारों को यह भी निर्देश दिया गया है कि बाकी दिनों में, बिक्री के लिए रखे गए मांस को लाल कपड़े से ढककर रखना होगा।

स्थानीय मांस व्यापारियों ने आर्थिक नुकसान की चिंता जताई है। उनका कहना है कि शहर में सालों से छठ पूजा शांतिपूर्ण तरीके से मनाई जाती रही है और पहले कभी दुकानें बंद रखने का ऐसा कोई आदेश नहीं दिया गया था।

रामपुरहाट के एक मांस विक्रेता ने कहा, "रविवार को छुट्टी होती है और बाकी दिनों की तुलना में हमारी बिक्री काफी ज्यादा रहती है। रविवार को दुकानें बंद रखने से हमें नुकसान होगा।"

उन्होंने आगे कहा, "हम एक रेस्तरां को भी मांस की सप्लाई करते हैं और रविवार को हमारे नियमित ग्राहक भी आते हैं। अगर वे हमसे पर्दे डालकर या शटर गिराकर काम करने को कहते, तो हमें कोई नुकसान नहीं होता। लेकिन, नगरपालिका और प्रशासन ने आदेश जारी किया है, इसलिए हमें इसका पालन करना ही होगा।"

इस निर्देश की कांग्रेस ने कड़ी आलोचना की है और नगर निकाय पर बांटने वाली राजनीति करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक मिल्टन रशीद ने आरोप लगाया कि नगरपालिका के तृणमूल कांग्रेस चेयरमैन ने भाजपा को खुश करने के लिए यह आदेश जारी किया है।

रशीद ने आरोप लगाया, "चुनाव के बाद, ज्‍यादातर पार्षद अपनी स्थिति बचाने के लिए भाजपा के साथ संबंध बनाए हुए हैं। यह पहली बार है जब नगर पालिका अध्यक्ष ने भाजपा सरकार के करीब आने के लिए इस तरह का आदेश जारी किया है। यहां लोग हर त्योहार एक साथ मिलकर मनाते हैं। यह बस बांटने की राजनीति का हिस्सा है।"

इस कदम का बचाव करते हुए, रामपुरहाट नगर पालिका के अध्यक्ष सौमेन भक्त ने स्पष्ट किया कि यह आदेश केवल सड़क किनारे स्थित उन तीन दुकानों पर लागू होता है, जहां सार्वजनिक रूप से मांस काटा जाता है। ये दुकानें उस रास्ते पर हैं, जिसका इस्तेमाल व्रत रखने वाले श्रद्धालु करते हैं।

भक्त ने कहा, "इन दुकानों पर खुलेआम मांस काटा जाता है। इसीलिए उन्हें छठ पूजा के दो दिनों के लिए बंद रखने का आदेश दिया गया है। यह फैसला सभी की भावनाओं का सम्मान करने के लिए लिया गया है।"

विपक्ष की आलोचना का जवाब देते हुए राज्य भाजपा के मुख्य प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा, "उन्हें लगता है कि ये कोई अहम मुद्दे नहीं हैं, तो वे अदालत जा सकते हैं। अदालत के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं।"

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम