Aapka Rajasthan

राम गोपाल वर्मा ने सिक्स पैक हीरोज पर कसा तंज, बोले- 'असल जिंदगी में वह बड़े पेट वाले लोगों के नीचे काम करते हैं'

चेन्नई, 23 नवंबर (आईएएनएस)। फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा अपनी बेबाक राय और विवादित बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। अब उन्होंने फिल्मों में दिखाए जाने वाले सिक्स-पैक एब्स और असल जिंदगी के ताकतवर लोगों के बीच दिलचस्प तुलना की है।
 

चेन्नई, 23 नवंबर (आईएएनएस)। फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा अपनी बेबाक राय और विवादित बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। अब उन्होंने फिल्मों में दिखाए जाने वाले सिक्स-पैक एब्स और असल जिंदगी के ताकतवर लोगों के बीच दिलचस्प तुलना की है।

उन्होंने कहा कि असल जिंदगी में सिक्स पैक वाला व्यक्ति अक्सर उस शख्स के नीचे काम करता है, जिसे कभी सिक्स पैक बनाने की जरूरत ही महसूस नहीं हुई।

राम गोपाल वर्मा ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट के जरिए यह बात रखी। उन्होंने अपनी पोस्ट का टाइटल 'द आयरनी ऑफ टफ हीरोज हाइडिंग बिहाइंड बुलेट प्रूफ ग्लासेस' रखा। इसमें उन्होंने लिखा, '''बाहुबली' से पहले और उसके बाद भी मेनस्ट्रीम फिल्मों ने एक बात को नजरअंदाज किया है। फिल्मों में ताकतवर दिखने वाले किरदारों को अक्सर सिक्स पैक एब्स के साथ दिखाया जाता है, जबकि असल जिंदगी के ताकतवर लोगों का शरीर ऐसा नहीं होता।"

उन्होंने आगे लिखा, ''असल जिंदगी में सिक्स पैक और मस्कुलर बॉडी वाले लोग अक्सर दुबले, छोटे कद, मोटे या बड़े पेट वाले लोगों के लिए काम करते हैं। फिल्मों में सिक्स पैक वाला शख्स अपने आप सबसे ताकतवर नजर आने लगता है, लेकिन हकीकत में वही शख्स अक्सर एक छोटे कद, गंजे या बड़े पेट वाले व्यक्ति के पीछे खड़ा दिखाई देता है। दिलचस्प बात यह है कि वही व्यक्ति उसकी सैलरी भी देता है।''

राम गोपाल वर्मा ने इतिहास के चर्चित शासकों नेपोलियन और जोसेफ स्टालिन का उदाहरण दिया। उन्होंने लिखा, ''नेपोलियन का कद करीब 5 फीट 6 इंच था और उनका शरीर भी किसी फिटनेस ट्रेनर जैसा नहीं था। इसके बावजूद यूरोप के कई ताकतवर लोग उनके आदेश पर काम करते थे। स्टालिन का कद करीब 5 फीट 4 इंच था और उनका शरीर भी किसी फिट व्यक्ति जैसा नहीं दिखता था। लेकिन उनके आदेश पर काम करने वाले एनकेवीडी के अधिकारी और सैन्य अफसर उनसे कहीं ज्यादा फिट थे। इसके बावजूद उनकी शारीरिक ताकत के मुकाबले स्टालिन की सत्ता और उनके आदेश ज्यादा मायने रखते थे।''

राम गोपाल वर्मा ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए माफिया सरगनाओं का भी उदाहरण दिया। उन्होंने लिखा, ''अल कैपोन से लेकर पाब्लो एस्कोबार और दाऊद इब्राहिम तक, ज्यादातर बड़े माफिया सरगना अपनी मस्कुलर बॉडी के लिए नहीं जाने जाते थे। उनके लिए हत्या और दूसरे अपराधों को अंजाम देने वाले लोग अक्सर निचले स्तर पर काम करते थे, जिन्हें सबसे कम पैसे मिलते थे और जिनकी जगह आसानी से दूसरे लोग ले सकते थे।''

भारतीय राजनीति का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा, ''यहां भी ऐसा ही देखने को मिलता है। कई बार दुबले-पतले, सामान्य शरीर या बड़े पेट वाले नेता अपने आसपास छह फीट लंबे और जिम में तैयार हुए मजबूत बॉडीगार्ड्स से घिरे रहते हैं। ये बॉडीगार्ड उनकी सुरक्षा में तैनात होते हैं, जबकि असली ताकत उनके हाथ में होती है, जिनकी सुरक्षा वे करते हैं।''

फिल्ममेकर ने सेना का उदाहरण देते हुए भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, ''सेना में सबसे फिट जवान अक्सर निचले पदों पर होते हैं, जबकि बड़े अधिकारी और जनरल सेना की रणनीति और फैसले तय करते हैं। फिल्मों में सिक्स पैक एब्स ताकत का प्रतीक कम और सजावट ज्यादा हैं। असल जिंदगी में सिक्स पैक वाला व्यक्ति हमेशा उस शख्स के लिए काम करता है, जिसे कभी सिक्स पैक बनाने की जरूरत ही नहीं पड़ी।''

--आईएएनएस

पीके/एबीएम