टीवी पर लौटे राजीव खंडेलवाल , नए शो 'तुम हो ना' के साथ लेकर आए दर्शकों के लिए खास कहानी
मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड और टीवी जगत में अपने दमदार अभिनय के लिए मशहूर अभिनेता राजीव खंडेलवाल जल्द ही दर्शकों के सामने एक नए रूप में नजर आने वाले हैं। वह जल्द ही टीवी शो 'तुम हो ना' में नजर आएंगे।
राजीव ने कहा, ''मुझे हमेशा से ऐसे प्रोजेक्ट्स पसंद रहे हैं, जो चुनौतीपूर्ण हों। मुझे कई तरह के रोल्स ऑफर हुए, कुछ एक्सपेरिमेंटल, कुछ असामान्य... लेकिन मैंने हमेशा अपने दिल की सुनकर ही प्रोजेक्ट को हां किया। मेरा मानना है कि किसी भी कलाकार के लिए वही काम महत्वपूर्ण होता है, जो उसे दिल से प्रेरित करे और उसे खुद और दर्शकों के लिए सार्थक लगे।''
अपने नए शो 'तुम हो ना' के बारे में राजीव ने कहा, ''मुझे खुशी है कि मैं सोनी एंटरटेनमेंट टेलिविजन पर लौट रहा हूं। यह शो मेरे दिल के करीब है और मुझे उम्मीद है कि फैंस इसे उतना ही प्यार देंगे जितना मैंने इसे बनाने में महसूस किया है।''
रिपोर्ट्स की मानें तो, राजीव का यह शो अक्षय कुमार के क्विज रियलिटी शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' की जगह प्रसारित होगा।
राजीव को आखिरी बार कोर्टरूम ड्रामा 'अमर विश्वास' में देखा गया था। इस शो में उन्होंने अपने किरदार की गहराई को शानदार तरीके से पेश किया। इसको लेकर उन्होंने आईएएनएस से से बातचीत में बताया कि उन्होंने अपने किरदार के लिए कई प्रसिद्ध वकीलों से मिलकर कोर्टरूम और कानून के व्यवहार को समझा, जिससे उन्हें अपनी भूमिका को निभाना आसान लगा।
राजीव खंडेलवाल एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में दो दशकों से ज्यादा समय से सक्रिय हैं। उनके करियर की शुरुआत 2000 में तेलुगु फिल्म 'युवकुडु' से हुई। इसके बाद उन्होंने हिंदी और साउथ की कई सफल फिल्मों और टीवी शोज में काम किया।
2000 के दशक की शुरुआत में उन्हें टीवी शो 'कही तो होगा वो' में सुजल के किरदार से लोकप्रियता मिली। इस शो में उनके साथ आमना शरीफ, रोहित बख्शी, शब्बीर अहलूवालिया और सुरवीन चावला जैसे कलाकार थे। इस शो का निर्माण और निर्देशन एकता कपूर ने किया था।
--आईएएनएस
पीके/पीएम
