Aapka Rajasthan

जैसलमेर में आंधी के दौरान रिसॉर्ट की दीवार गिरने से लोक कलाकार की मौत, चार घायल

जयपुर, 2 जून (आईएएनएस)। राजस्थान के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सम में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज आंधी और रेत के तूफान के दौरान एक हेरिटेज रिसॉर्ट की दीवार गिरने से एक लोक कलाकार की मौत हो गई, जबकि चार अन्य कलाकार घायल हो गए।
 
जैसलमेर में आंधी के दौरान रिसॉर्ट की दीवार गिरने से लोक कलाकार की मौत, चार घायल

जयपुर, 2 जून (आईएएनएस)। राजस्थान के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सम में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज आंधी और रेत के तूफान के दौरान एक हेरिटेज रिसॉर्ट की दीवार गिरने से एक लोक कलाकार की मौत हो गई, जबकि चार अन्य कलाकार घायल हो गए।

यह हादसा उस समय हुआ जब देशी और विदेशी पर्यटकों के लिए पारंपरिक राजस्थानी सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था।

जानकारी के अनुसार, अचानक तेज हवाएं और रेतीला तूफान शुरू हो गया, जिससे रिसॉर्ट में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान कार्यक्रम स्थल के पास स्थित एक दीवार तेज आंधी के कारण ढह गई और वहां प्रस्तुति दे रहे कलाकार मलबे के नीचे दब गए।

इस हादसे में 27 वर्षीय लोक कलाकार रमजान खान की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ प्रस्तुति दे रही दो महिला नर्तकियां और दो अन्य कलाकार गंभीर रूप से घायल हो गए।

जैसलमेर का 'सम' क्षेत्र अपने रेत के टीलों और लोक संस्कृति कार्यक्रमों के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। पर्यटन सीजन के दौरान यहां हर शाम लोक संगीत और नृत्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। हादसे के समय भी एक हेरिटेज रिसॉर्ट में ऐसा ही सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही मिनटों में हवा की रफ्तार काफी बढ़ गई, जिससे रिसॉर्ट के अस्थायी ढांचे जोर-जोर से हिलने लगे। इसी बीच कार्यक्रम स्थल के पास की एक बड़ी दीवार अचानक गिर गई और कलाकार उसकी चपेट में आ गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और रिसॉर्ट कर्मचारियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। गंभीर चोटों के कारण रमजान खान की जान नहीं बचाई जा सकी।

घायल कलाकारों को पहले 'सम' के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जैसलमेर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। रमजान खान के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि दीवार गिरने के पीछे लापरवाही या निर्माण की खराब गुणवत्ता तो जिम्मेदार नहीं थी।

इस हादसे के बाद सम और आसपास के रेगिस्तानी क्षेत्रों में संचालित टेंट कैंपों और हेरिटेज रिसॉर्ट्स की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। हर साल यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं।

स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक संगठनों का कहना है कि कई रिसॉर्ट पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पारंपरिक और हेरिटेज स्वरूप पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन भवनों की मजबूती और रेगिस्तानी तूफानों से सुरक्षा के जरूरी इंतजामों की अनदेखी की जाती है।

रमजान खान की मौत से राजस्थान के लोक कलाकार समुदाय में शोक की लहर है। अब मांग उठ रही है कि रेगिस्तानी क्षेत्रों के रिसॉर्ट्स और टेंट कैंपों की नियमित सुरक्षा और संरचनात्मक जांच अनिवार्य की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

--आईएएनएस

एएमटी/एएस