होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे जहाज के चालक दल में राजस्थान का नाविक भी शामिल, परिवार का संपर्क टूटा
जयपुर, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान के श्रीगंगानगर का रहने वाला एक मर्चेंट नेवी अधिकारी होर्मुज जलडमरूमध्य में एक जहाज पर फंसा हुआ है। इससे परिवार की चिंताएं बढ़ गई हैं।
विधायक जयदीप बिहानी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर तत्काल कूटनीतिक हस्तक्षेप की मांग की। एक वीडियो संदेश में उन्होंने बताया कि एक भारतीय जहाज को रोका गया है, जिस पर संजय महार सेकेंड ऑफिसर के रूप में तैनात हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से अपील की कि संजय महार और जहाज पर फंसे सभी क्रू मेंबर्स की सुरक्षित रिहाई के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं।
जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय संजय महार उस कंटेनर जहाज के क्रू में शामिल हैं, जिसे कथित तौर पर ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने रोक लिया है।
लाइबेरिया के झंडे वाला यह जहाज 'एपामिनोंडास' गुजरात के मुंद्रा पोर्ट की ओर जा रहा था। परिवार के अनुसार, संजय करीब 20 दिन पहले दुबई गए थे और घटना से चार दिन पहले जहाज पर सवार हुए थे। यह जहाज गुरुवार तक मुंद्रा पहुंचने वाला था, लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति नहीं मिलने के कारण बीच रास्ते में रोक दिया गया।
संजय के भाई सुभाष महार ने बताया कि करीब 30 घंटे पहले जब जहाज आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा था, तभी उसे ईरानी बलों ने घेर लिया। इस दौरान गोलीबारी की खबरों से परिवार की चिंता और बढ़ गई है। घटना के बाद क्रू मेंबर्स जहाज के सुरक्षित हिस्सों में चले गए।
जहाज पर करीब 21 क्रू सदस्य सवार हैं, जिनमें भारत, फिलीपींस, यूक्रेन और श्रीलंका के नागरिक शामिल हैं। संपर्क टूटने से पहले संजय ने वीडियो भेजा था, जिसमें क्रू सदस्य चिंतित नजर आ रहे थे।
अब इंटरनेट सेवाएं बंद होने के कारण परिवार का संपर्क पूरी तरह टूट गया है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है।
परिवार ने केंद्र सरकार से अपील की है कि सभी क्रू सदस्यों की सुरक्षा और सुरक्षित वापसी के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
