Aapka Rajasthan

राजस्थान: पुलिस ने अंतरराज्यीय स्मैक तस्करी गिरोह का किया भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

जयपुर, 26 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान की सवाई माधोपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित स्मैक तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 153.34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।
 

जयपुर, 26 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान की सवाई माधोपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित स्मैक तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 153.34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ रुपए आंकी गई है।

यह कार्रवाई सवाई माधोपुर की पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन और थाना प्रभारी श्यामसुंदर के नेतृत्व में रणवाजना डूंगर थाना पुलिस ने की। पुलिस को यह सफलता जयपुर रेंज साइबर सेल से प्राप्त खुफिया सूचना के आधार पर मिली।

पुलिस को सूचना मिली थी कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कोटा से कुस्तला टोल प्लाजा की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन मादक पदार्थ लेकर आ रहा है। साथ ही यह भी जानकारी मिली कि लालसोट से एक स्विफ्ट डिजायर कार नशे की खेप लेने पहुंचेगी और एक्सप्रेसवे पर ही सौदा किया जाएगा।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां स्विफ्ट डिजायर और पिकअप वाहन आमने-सामने खड़े मिले।

पुलिस ने बताया कि स्विफ्ट डिजायर में करौली जिले के खोयली थाना क्षेत्र के निवासी और वर्तमान में दौसा में रह रहे सुभाष गुर्जर मौजूद थे। वहीं पिकअप वाहन में बारां जिले के छीपाबड़ौद क्षेत्र के खेड़ी थाना निवासी रामनिवास मीणा मिला।

कानूनी प्रक्रिया के तहत दोनों वाहनों और आरोपियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सुभाष गुर्जर की कार से खाकी रंग की टेप में लिपटी हुई 153.34 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

प्रारंभिक पूछताछ में सुभाष गुर्जर ने कथित रूप से बताया कि उसने यह स्मैक रामनिवास मीणा से प्राप्त की थी।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे लंबे समय से स्मैक की तस्करी में शामिल थे। वे सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, जयपुर और राष्ट्रीय राजधानी के क्षेत्र सहित कई इलाकों में इसकी सप्लाई करते थे। इसके बाद खरीदार इस नशीले पदार्थ को छोटी-छोटी मात्रा में बेचकर भारी मुनाफा कमाते थे।

फिलहाल, पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, सप्लायरों और खरीदारों की जानकारी जुटा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में रणवाजना डूंगर थाना पुलिस, डीएसटी सवाई माधोपुर और जयपुर रेंज साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अभियान में एएसआई रतनदीप तथा हेड कांस्टेबल राकेश, रोशन और जितेंद्र कुमार भी शामिल थे।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी