जयपुर में मुहर्रम जुलूस के दौरान ऐतिहासिक 'कुरैशियां का ताजिया' में लगी आग, फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
जयपुर, 27 जून (आईएएनएस)। राजस्थान के जयपुर के बड़ी चौपड़ इलाके में मुहर्रम जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टला। ऐतिहासिक 'कुरैशियां का ताजिया' के गुंबद में अचानक आग लग गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
जुलूस के दौरान चल रही आतिशबाजी की एक चिंगारी ताजिए के सजावटी गुंबद पर जा गिरी, जिससे उसमें आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग तेजी से फैलने लगी, लेकिन वहां पहले से तैनात सुरक्षाकर्मियों और आपातकालीन टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।
मुहर्रम के मद्देनजर बड़ी चौपड़ पर पहले से तैनात फायर ब्रिगेड की टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई और आग पर तेजी से काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की वजह से आग न तो भीड़ तक पहुंची और न ही आसपास की किसी इमारत को नुकसान पहुंचा।
जिला प्रशासन ने मुहर्रम जुलूस के पूरे मार्ग पर पहले से ही दमकल वाहन, पुलिस बल और आपातकालीन राहत दल तैनात किए थे। अधिकारियों ने बताया कि इसी पूर्व तैयारी की वजह से स्थिति पर कुछ ही मिनटों में नियंत्रण पा लिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। हालात सामान्य होने के बाद मुहर्रम का जुलूस फिर से शुरू कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि ताजिए के प्रभावित हिस्से को छोड़कर कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
वहीं, पूरे राजस्थान में मुहर्रम श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में राज्यभर में विभिन्न स्थानों पर ताजिए स्थापित किए गए, जहां लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर दुआ की और फूल अर्पित किए।
जोधपुर में मुहर्रम के अवसर पर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में ताजियों के दर्शन के लिए पहुंचे। यहां नियाज़ के रूप में मिठाइयां बांटी गईं, शरबत के स्टॉल लगाए गए और हलीम जैसे पारंपरिक व्यंजन भी तैयार कर लोगों में वितरित किए गए।
मुहर्रम एकता समिति के अध्यक्ष उस्ताद हाजी हमीम बख्श के अनुसार, जोधपुर में मोती चौक, लाखारा बाजार, उम्मेद चौक, गोलनाड़ी, गुलजारपुरा, खांडा फलसा, नियारियों का मोहल्ला, इशाकिया स्कूल, शाहों का बास, मसूरिया, खेतानाड़ी और सूरसागर कबीर नगर समेत प्रमुख स्थानों पर कुल 27 ताजिए स्थापित किए गए।
--आईएएनएस
वीकेयू/वीसी
