Aapka Rajasthan

राजस्थान : जेन-जी आंदोलन से प्रेरित होकर 21 साल की सानिया ने निकाय चुनाव में भरी हुंकार

जयपुर, 28 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान के जहाजपुर नगर पालिका चुनाव में 21 साल की सानिया खानम के चुनाव मैदान में उतरने से राजनीतिक माहौल रोचक हो गया है। सानिया ने वार्ड नंबर 6 से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है।
 

जयपुर, 28 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान के जहाजपुर नगर पालिका चुनाव में 21 साल की सानिया खानम के चुनाव मैदान में उतरने से राजनीतिक माहौल रोचक हो गया है। सानिया ने वार्ड नंबर 6 से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है।

सानिया का कहना है कि वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए युवाओं के नेतृत्व वाले जेन जी' आंदोलन से प्रेरित हुईं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर राजनीतिक मुद्दों पर केवल अपनी राय रखने के बजाय उन्होंने सीधे राजनीति में भाग लेने का फैसला किया।

नामांकन दाखिल करने के बाद सानिया ने कहा कि युवाओं को सिर्फ ऑनलाइन मुद्दों पर चर्चा नहीं करनी चाहिए, बल्कि उन्हें राजनीति और जनप्रतिनिधित्व प्रणाली का हिस्सा बनने के लिए भी आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन ने उन्हें यह एहसास कराया कि युवा देश की व्यवस्था और नीतियों को आकार देने में अधिक सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।

सानिया ने बताया कि चुनाव लड़ने का फैसला पूरी तरह उनका अपना है और इस कदम में उनके परिवार ने उनका समर्थन किया है। जहाजपुर में उनकी उम्मीदवारी इसलिए भी चर्चा का विषय बनी हुई है क्योंकि उनके परिवार के कई सदस्य भी चुनावी मैदान में उतर रहे हैं।

सानिया के दादा नजीर मोहम्मद, जो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जहाजपुर नगर पालिका के पूर्व पार्षद रह चुके हैं, उन्होंने वार्ड नंबर 16 से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है।

इसके अलावा सानिया की बुआ ने भी अपना नामांकन पत्र जमा किया है। ऐसे में पूरे परिवार की चुनावी भागीदारी स्थानीय राजनीति में चर्चा का प्रमुख विषय बन गई है।

कांग्रेस पृष्ठभूमि रखने वाले नजीर मोहम्मद का निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ना भी चुनाव को एक नया राजनीतिक आयाम दे रहा है।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान अन्य राजनीतिक दलों और पृष्ठभूमि के उम्मीदवारों ने भी मैदान में उतरना शुरू कर दिया है। राधेश्याम बरेठ ने वार्ड नंबर 18 से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है।

वहीं, निर्दलीय उम्मीदवार अरविंद भुवालिया (वार्ड 7), गीता (वार्ड 13) और भंवर बांडेला (वार्ड 14) ने भी अपने नामांकन पत्र जमा किए हैं।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बुधवार को सात उम्मीदवारों ने कुल आठ नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें सानिया खानम सबसे युवा उम्मीदवार हैं।

इस दौरान कांग्रेस की ओर से कोई नामांकन दाखिल नहीं किए जाने की भी स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चा हो रही है। नवीनतम चरण में कांग्रेस की तरफ से किसी उम्मीदवार के नामांकन नहीं करने पर पार्टी की चुनावी तैयारियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

विभिन्न पृष्ठभूमि के निर्दलीय उम्मीदवारों, खासकर 21 वर्षीय सानिया खानम के चुनावी मैदान में उतरने के बाद जहाजपुर नगर पालिका चुनाव एक दिलचस्प और चर्चित राजनीतिक मुकाबले के रूप में उभरता नजर आ रहा है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीएससी