Aapka Rajasthan

राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू, पेड़ संरक्षण और यूसीसी बिल पेश होने की संभावना

जयपुर, 20 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र गुरुवार से शुरू हो गया है। यह 16वीं राजस्थान विधानसभा का छठा सत्र है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी सत्र की कार्यवाही की शुरुआत करेंगे।
 

जयपुर, 20 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र गुरुवार से शुरू हो गया है। यह 16वीं राजस्थान विधानसभा का छठा सत्र है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी सत्र की कार्यवाही की शुरुआत करेंगे।

सत्र में राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ मुद्दे उठाने के लिए विपक्ष पूरी तैयारी के साथ उतरा है। वहीं, सत्ताधारी भाजपा भी जवाब देने को तैयार है।

सत्र के दौरान तीन अहम बिल पेश किए जाने की संभावना है। इनमें राजस्थान वृक्ष संरक्षण बिल 2026 और यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) बिल शामिल हैं। इसके अलावा एक निजी विश्वविद्यालय से जुड़ा बिल भी आ सकता है।

प्रस्तावित राजस्थान वृक्ष संरक्षण बिल 2026 के तहत 29 प्रजातियों के पेड़ों को प्रतिबंधित श्रेणी में डाला जाएगा। इस सूची में बबूल और शीशम भी हैं, जिनका इस्तेमाल राजस्थान के फर्नीचर और हस्तशिल्प उद्योग में बड़े पैमाने पर होता है।

बिल के मुताबिक बिना अनुमति के प्रतिबंधित पेड़ काटने पर 1 लाख रुपए तक का जुर्माना और एक साल तक की कड़ी सजा हो सकती है।

बबूल और शीशम पर पाबंदी की खबर से हस्तशिल्प निर्यातक परेशान हैं। पिछले 20 साल में बबूल और शीशम से बने फर्नीचर, सजावटी सामान और गिफ्ट आइटम का कारोबार काफी बढ़ा है। राजस्थान से ये सामान यूरोप और अमेरिका तक निर्यात होते हैं।

निर्यातकों का कहना है कि सरकार बिल में व्यावहारिक प्रावधान रखे ताकि उद्योग प्रभावित न हो। राजस्थान हस्तशिल्प निर्यातक संयुक्त मंच के संयोजक नवनीत झालानी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर बबूल और शीशम को प्रतिबंधित सूची से बाहर रखने की मांग की है।

राजस्थान हस्तशिल्प निर्यातक संयुक्त मंच का कहना है कि इन दो प्रजातियों पर रोक से राजस्थान के हस्तशिल्प निर्यात क्षेत्र को नुकसान होगा। उद्योग के अनुसार यह क्षेत्र हर साल करीब 12,000 करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा कमाता है और लगभग 7 लाख कारीगरों को रोजगार देता है।

सत्र से एक दिन पहले अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सर्वदलीय बैठक की थी। शाम को कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई जबकि भाजपा विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री निवास पर हुई थी।

फिलहाल विधानसभा 4 दिन चलने की उम्मीद है। आगे का कार्यक्रम बिजनेस एडवाइजरी कमेटी तय करेगी।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम