Aapka Rajasthan

राहुल गांधी 25 मार्च को कोझिकोड रैली से केरल चुनाव अभियान की करेंगे शुरुआत

तिरुवनंतपुरम, 21 मार्च (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 25 मार्च को कोझिकोड में एक बड़ी रैली के साथ केरल विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। इस रैली के साथ राज्यभर में उनका व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू होगा।
 
राहुल गांधी 25 मार्च को कोझिकोड रैली से केरल चुनाव अभियान की करेंगे शुरुआत

तिरुवनंतपुरम, 21 मार्च (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 25 मार्च को कोझिकोड में एक बड़ी रैली के साथ केरल विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। इस रैली के साथ राज्यभर में उनका व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू होगा।

केरल में 9 अप्रैल को 140 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होना है।

हाल ही में दिसंबर में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वामपंथी दलों को चौंका दिया था। हालांकि मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के नेतृत्व में सीपीआई(एम) की अगुवाई वाला लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के लक्ष्य के साथ पूरी ताकत झोंक रहा है।

वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जिसका फिलहाल विधानसभा में कोई प्रतिनिधित्व नहीं है, इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है।

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष रमेश चेन्निथला ने बताया कि 25 मार्च की शाम को कोझिकोड बीच पर रैली आयोजित की जाएगी। इस दौरान राहुल गांधी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करेंगे और यूडीएफ के प्रमुख चुनावी वादों, खासकर ‘गारंटी कार्ड’ पर विस्तार से बात करेंगे।

राहुल गांधी, जो कांग्रेस के स्टार प्रचारक भी हैं, राज्य के कई विधानसभा क्षेत्रों में ताबड़तोड़ चुनावी दौरे करेंगे। इस अभियान में राष्ट्रीय और राज्य स्तर के कई बड़े नेताओं की भागीदारी देखने को मिलेगी।

हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि सोनिया गांधी इस बार चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगी या नहीं। उन्होंने अक्टूबर 2024 में वायनाड लोकसभा उपचुनाव के दौरान, जब प्रियंका गांधी चुनाव मैदान में थीं, करीब एक दशक बाद चुनावी रैली की थी।

वहीं प्रियंका गांधी के राज्यभर में चुनाव प्रचार करने की संभावना है, जिससे कांग्रेस के अभियान को और गति मिलेगी।

इसके अलावा सिद्धारमैया, डी.के. शिवकुमार और ए. रेवंत रेड्डी जैसे नेता भी केरल में प्रचार करते नजर आ सकते हैं।

वरिष्ठ नेता सचिन पायलट समेत कई अन्य राष्ट्रीय नेता भी चुनाव प्रचार में शामिल होंगे, जिससे चुनाव से पहले कांग्रेस का अभियान और मजबूत होने की उम्मीद है।

--आईएएनएस

डीएससी