Aapka Rajasthan

मध्य प्रदेश में ओबीसी आरक्षण के तहत रुकी नियुक्तियों पर राहुल गांधी ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र

नई दिल्ली, 23 सितंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर राज्य में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण के तहत रुकी हुई नियुक्तियों को जल्द लागू करने और 13 प्रतिशत होल्ड पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की है।
 

नई दिल्ली, 23 सितंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर राज्य में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण के तहत रुकी हुई नियुक्तियों को जल्द लागू करने और 13 प्रतिशत होल्ड पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी पत्र साझा करते हुए कहा कि इंदौर में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के दौरान ओबीसी वर्ग के छात्रों ने उन्हें बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण के तहत 13 प्रतिशत पदों पर नियुक्तियां वर्षों से रुकी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि सभी छात्र गहरी पीड़ा में हैं और चार साल से अधिक समय से इंतजार कर रहे हैं। इन युवाओं का कीमती समय अब और बर्बाद नहीं होना चाहिए। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से छात्रों की बात सुनने, सभी दलों की सर्वसम्मति से पारित 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करने और सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव को 22 सितंबर को लिखे पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि इंदौर के कार्यक्रम में छात्रों ने शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य से जुड़े कई गंभीर मुद्दे उठाए, जिनमें ओबीसी आरक्षण के तहत रुकी नियुक्तियों का मामला प्रमुख रहा।

पत्र के अनुसार, छात्रों ने बताया कि परीक्षा पास करने और पूरी चयन प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद 87:13 व्यवस्था के तहत ओबीसी आरक्षण से जुड़े 13 प्रतिशत पद होल्ड पर रखे गए हैं। इन पदों पर चयनित अभ्यर्थी वर्ष 2022 से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं, जिससे उनके भविष्य को लेकर लगातार अनिश्चितता बनी हुई है।

राहुल गांधी ने पत्र में कहा कि 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को सभी राजनीतिक दलों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया था, लेकिन इसके बावजूद इसका समाधान अब तक नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि इसी देरी के कारण अभ्यर्थियों को आरक्षण के क्रियान्वयन और अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर बार-बार सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से छात्रों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी बात सुनने और इस मुद्दे का जल्द समाधान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी पहले ही अपना बहुमूल्य समय गंवा चुके हैं, इसलिए बिना किसी और देरी के 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करते हुए 13 प्रतिशत होल्ड पदों पर चयनित सभी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएं।

--आईएएनएस

डीएससी