कतर ने ईरानी पायलटों की हिरासत की खबरों को बताया झूठा, दावों का किया खंडन
दोहा, 16 अगस्त (आईएएनएस)। कतर ने ईरानी पायलटों को हिरासत में लेने के दावों को खारिज कर दिया। क्षेत्रीय तनाव कम करने की चल रही कूटनीतिक कोशिशों के बीच कतर ने इन दावों को गुमराह करने वाला बताया।
कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजेद बिन मोहम्मद अल-अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "हम ईरानी पायलटों की हिरासत के बारे में फैल रहे दावों का पूरी तरह से खंडन करते हैं और इस समय ऐसे गुमराह करने वाले बयानों से हैरान हैं।"
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, माजेद बिन मोहम्मद अल-अंसारी ने कहा कि संबंधित पायलटों द्वारा कतर के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने और अधिकारियों द्वारा उनके रास्ते (ट्रैजेक्टरी) की पुष्टि करने के बाद उनसे संपर्क किया गया था।
उन्होंने कहा, "रूल्स ऑफ एंगेजमेंट का पालन करने और उनसे संपर्क करने की कोशिश के बावजूद कोई जवाब न मिलने पर, अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार हमारे क्षेत्र की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए गए।" उन्होंने यह भी कहा कि उस समय आधिकारिक चैनलों के जरिए स्थिति स्पष्ट कर दी गई थी।
कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि इसके बाद कतर की खोज और बचाव टीमों ने पायलटों के अवशेषों को खोजने के लिए अभियान चलाया। कतर ने एक पायलट के अवशेष मिलने के बाद उन्हें सौंपने के लिए ईरान से बातचीत की थी।
ईरान के एक सैन्य कमांडर ने शनिवार को कहा कि कतर की सेना ने तीन ईरानी पायलटों को पकड़ लिया था। मार्च में कतर में अमेरिकी बेस के खिलाफ सैन्य मिशन से लौटते समय उनके लड़ाकू विमान मार गिराए गए थे। कमांडर ने कहा कि चौथा पायलट मारा गया था।
28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका ने तेहरान और ईरान के अन्य शहरों पर संयुक्त हमले किए, जिसमें देश के तत्कालीन सर्वोच्च नेता अली खामेनेई, सैन्य कमांडर और नागरिक मारे गए। ईरान ने जवाब में इजरायल और क्षेत्र में अमेरिकी बेस और संपत्तियों को निशाना बनाते हुए कई मिसाइल और ड्रोन हमले किए।
मारे गए ईरानी पायलट माजिद काजेमी का शव ईरान को लौटा दिया गया और जुलाई के आखिर में दक्षिणी शहर शिराज में उन्हें दफनाया गया।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस
