Aapka Rajasthan

पुतिन और ट्रंप के विशेष दूत विटकॉफ के बीच यूक्रेन युद्ध और फारस की खाड़ी की स्थिति पर चर्चा

मॉस्को, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को सेंट पीटर्सबर्ग स्थित कॉन्स्टेंटिन पैलेस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के साथ बैठक की। स्थानीय मीडिया के अनुसार, करीब तीन घंटे चली इस बैठक में यूक्रेन में शांति प्रक्रिया सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
 

मॉस्को, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को सेंट पीटर्सबर्ग स्थित कॉन्स्टेंटिन पैलेस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के साथ बैठक की। स्थानीय मीडिया के अनुसार, करीब तीन घंटे चली इस बैठक में यूक्रेन में शांति प्रक्रिया सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

रूस की प्रमुख समाचार एजेंसी तास के अनुसार, पुतिन और विटकॉफ ने चीन में रूसी राष्ट्रपति और उनके अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप के बीच संभावित बैठक को लेकर कुछ विचारों पर भी चर्चा की।

पुतिन ने यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के प्रयासों के लिए विटकॉफ और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का आभार जताया। उन्होंने अमेरिकी प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप के मानवीय मुद्दों के समाधान की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए भी विटकॉफ के माध्यम से उनका धन्यवाद किया।

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने फारस की खाड़ी की स्थिति और डीजल ईंधन से जुड़े समझौते पर चर्चा की। तास के अनुसार, पुतिन के अमेरिकी नागरिक स्टीफन हबर्ड को रिहा करने के फैसले पर भी बातचीत हुई।

रूस के विदेश मंत्रालय के अनुसार, पुतिन ने कहा कि दोनों पक्ष द्विपक्षीय संबंधों को बहाल करने की योजनाओं और रूस-अमेरिका के बीच संपर्क बढ़ाने, जिसमें आर्थिक सहयोग भी शामिल है, पर चर्चा करने में रुचि रख सकते हैं।

रूसी विदेश मंत्रालय के अनुसार, पुतिन ने बैठक में कहा, "यदि आप इसे साझा करना चाहें, तो मध्य पूर्व और ईरान के आसपास की स्थिति पर आपका आकलन जानने में भी मेरी काफी रुचि होगी। आप जानते हैं कि ईरान और हमारे ईरानी साझेदारों तथा मित्रों के साथ दशकों से विश्वास पर आधारित विशेष संबंध हैं। यदि इस संकट के समाधान में हम किसी भी तरह मदद कर सकते हैं, तो हमें खुशी होगी। इस संबंध में हमारे प्रस्तावों से भी आप अच्छी तरह परिचित हैं।"

इससे पहले मंगलवार को ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने अमेरिकी कैदी स्टीफन हबर्ड की रिहाई के मुद्दे पर पुतिन से व्यक्तिगत रूप से चर्चा की थी। उन्होंने संकेत दिया था कि आने वाले दिनों में इस मामले में प्रगति हो सकती है।

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को चेतावनी दी कि रूस के साथ शांति समझौते में देरी करने से यूक्रेन की स्थिति और कठिन हो सकती है। ट्रंप ने तर्क दिया कि रूस लगातार क्षेत्रीय बढ़त हासिल कर रहा है और संभव है कि यूक्रेन को अब वे शर्तें हासिल न हो सकें, जो संघर्ष के शुरुआती दौर में उपलब्ध थीं। उन्होंने कहा कि रूस की सैन्य बढ़त और यूक्रेन में बढ़ती जनहानि के कारण बातचीत के जरिए समझौता करना लगातार जरूरी होता जा रहा है।

ट्रंप ने कहा, "रूस एक बड़ी मशीन है। वह लगातार आगे बढ़ता जा रहा है और उसने ऐसा ही किया है।" उन्होंने दावा किया कि रूसी सेना यूक्रेन के क्षेत्रों पर कब्जा करना जारी रखे हुए है और सैन्य संतुलन धीरे-धीरे कीव के लिए अधिक चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। ट्रंप ने कहा, "उन्होंने बहुत बड़े भूभाग पर कब्जा कर लिया है। आप कह सकते हैं कि यूक्रेन अच्छा कर रहा है या खराब, लेकिन कब्जे वाला क्षेत्र लगातार बढ़ता जा रहा है, हर सप्ताह।" उन्होंने यह भी कहा कि रूस की बड़ी आबादी उसे लंबे समय तक संघर्ष जारी रखने में महत्वपूर्ण बढ़त देती है। ट्रंप के मुताबिक, दोनों देशों को भारी जनहानि हुई है, लेकिन यूक्रेन को आबादी से जुड़ी अधिक सीमाओं का सामना करना पड़ रहा है।

ट्रंप ने कहा, "यूक्रेन को इस युद्ध को समाप्त करने के लिए तैयार होना होगा। जेलेंस्की को इस युद्ध को समाप्त करने के लिए तैयार होना होगा। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं, तो मुझे लगता है कि यह बहुत बुरा होगा।" उन्होंने जोर देकर कहा कि जेलेंस्की को अमेरिका के साथ पहले हुई बातचीत के दौरान अधिक अनुकूल समझौता करने का अवसर मिल सकता था।

--आईएएनएस

डीएससी