पुष्कर जोग ने तानिया चटर्जी संग केमिस्ट्री पर कहा- 'मैं बस अपने दर्शकों का मनोरंजन करना चाहता हूं'
मुंबई, 24 अगस्त (आईएएनएस)। म्यूजिक वीडियो की दुनिया में किसी गाने को हिट बनाने में सिर्फ उसकी धुन और बोल ही काफी नहीं होते। कलाकारों के बीच दिखने वाली केमिस्ट्री भी दर्शकों को गाने से जोड़ने में बड़ी भूमिका निभाती है। अभिनेता पुष्कर जोग और अभिनेत्री तानिया चटर्जी की जोड़ी इन दिनों म्यूजिक वीडियो 'हाय रे हाय' में नजर आ रही है।
इस गाने में दोनों की केमिस्ट्री दर्शकों का ध्यान खींच रही है। पुष्कर ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में ऑन-स्क्रीन कनेक्शन को लेकर बात की और बताया है कि दोनों के बीच यह तालमेल कैसे बना।
पुष्कर जोग से जब आईएएनएस ने पूछा कि म्यूजिक वीडियो में कम समय के अंदर किसी को-एक्टर के साथ नैचुरल केमिस्ट्री बनाना कितना मुश्किल होता है। इस पर उन्होंने कहा, ''ईमानदारी से कहूं तो अगर सामने अच्छा को-एक्टर हो तो इसके लिए बहुत ज्यादा मेहनत या वक्त की जरूरत नहीं पड़ती। दो कलाकारों के बीच सहजता और एक-दूसरे को समझने की क्षमता हो तो कैमरे के सामने कनेक्शन अपने आप नजर आने लगता है। तानिया के साथ काम करने का अनुभव मेरे लिए काफी सहज रहा।''
पुष्कर ने म्यूजिक वीडियो की पूरी टीम के काम को सराहा। उन्होंने खास तौर पर निर्देशक अभिजीत दानी की तारीफ करते हुए कहा, ''उन्होंने गाने को शानदार तरीके से पेश किया है। निर्देशक ने गाने की एनर्जी को समझते हुए उसे पर्दे पर सही तरीके से उतारा। इसके अलावा शानदार कोरियोग्राफी ने डांस को मजेदार बना दिया। इसके बीट्स पहली बार सुनते ही दिल को छू जाएंगे और एक अलग तरह का कनेक्शन महसूस होगा। बीट्स सुनकर मेरा मन डांस करने का होने लगा था।''
पुष्कर ने कहा, ''मैं ड्राइव करते समय भी इस गाने को सुनकर डांस करने लगता हूं। मेरे करियर की शुरुआत ही डांस से हुई थी। इसलिए मेरे लिए 'हाय रे हाय' सिर्फ एक म्यूजिक वीडियो नहीं है, बल्कि अपने पुराने डांस सफर को हिंदी दर्शकों के सामने पेश करने का एक मौका भी है। मैं चाहता था कि हिंदी दर्शक भी मेरे डांस से जुड़े इस पहलू को देखें और मुझे एक अलग अंदाज में जानें।''
जब पुष्कर से पूछा गया कि क्या यह गाना उन्हें मराठी सिनेमा में बनी अपनी छवि से बाहर निकलकर कुछ नया करने का मौका देता है, तो उन्होंने कहा, ''मैं अपने करियर को इस तरह से नहीं देखता। मैं किसी खास इमेज में बंधकर काम नहीं करना चाहता। मेरे लिए सबसे जरूरी बात दर्शकों का मनोरंजन करना है, फिर चाहे दर्शक मराठी हों या हिंदी।''
पुष्कर ने कहा, ''मैं बस अपने दर्शकों का मनोरंजन करना चाहता हूं। अगर इस तरह का कोई गाना या डांस है, तो मुझे लगता है कि लोग इसे पसंद करते हैं। ऐसे में जब आपके पास तानिया जैसी को-एक्टर हों, तो यह सोने पर सुहागा है।''
--आईएएनएस
पीके/एबीएम
