Aapka Rajasthan

पंजाब पुलिस की कार्रवाई: हथियार सप्लाई के दो नेटवर्क का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार, 14 पिस्तौल बरामद

चंडीगढ़, 10 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने राज्य में हथियारों की अवैध आपूर्ति करने वाले दो अलग-अलग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 14 अत्याधुनिक पिस्तौलें बरामद की हैं।
 

चंडीगढ़, 10 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने राज्य में हथियारों की अवैध आपूर्ति करने वाले दो अलग-अलग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 14 अत्याधुनिक पिस्तौलें बरामद की हैं।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बॉबी सिंह और रविंदर सिंह (उर्फ मन्ना) के रूप में हुई है, जो तरनतारन के तलवंडी शोभा सिंह गांव के रहने वाले हैं। अमृतसर के रहने वाले गुरप्रीत सिंह (उर्फ प्रीत), कमल और अजय सिंह (उर्फ काका); तथा हरियाणा के पंचकूला के रहने वाले स्वर्ण सिंह के रूप में हुई है।

बरामद पिस्तौलों में एक .30 बोर की 'तिसास जिगाना', एक .30 बोर की 'जिगाना ईगल', एक .30 बोर की (चीन में बनी) पिस्तौल, दो 9एमएम पिस्तौलें, सात .30 बोर की पिस्तौलें और दो .32 बोर की पिस्तौलें शामिल हैं।

डीजीपी यादव ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए विदेश में बैठे अपने हैंडलर्स के संपर्क में थे। ये हैंडलर्स ड्रोन के जरिए अवैध हथियारों की खेप भिजवाने में मदद करते थे।

उन्होंने बताया कि आरोपी इन खेपों को इकट्ठा करते थे और फिर इन हथियारों को आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों तक पहुंचाते थे।

डीजीपी ने कहा कि अवैध हथियारों की सप्लाई के पूरे नेटवर्क को तोड़ने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

पुलिस कमिश्नर (अमृतसर) हरमनबीर सिंह गिल ने ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया कि पहले ऑपरेशन में पुलिस टीमों ने मिली सूचना के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें बॉबी सिंह, रविंदर, गुरप्रीत, कमल और अजय शामिल हैं। इसी के साथ आरोपियों के पास से छह अवैध पिस्तौलें बरामद कीं।

उन्होंने बताया कि दूसरे ऑपरेशन में पुलिस ने एक खास सूचना पर कार्रवाई करते हुए स्वर्ण सिंह को पकड़ा और उसके पास से आठ अवैध पिस्तौलें बरामद कीं।

इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पहला थाना छेरहटा में 2 नवंबर को आर्म्स एक्ट की धारा 25 (6, 7 और 8) के तहत और दूसरा थाना सिविल लाइंस में 8 नवंबर को आर्म्स एक्ट की धारा 25 (6, 7 और 8) के तहत दर्ज किया गया है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी