Aapka Rajasthan

पंजाब कांग्रेस ने सीएम मान को काला झंडा दिखाने पर युवक को हिरासत में लेने की निंदा की

चंडीगढ़, 4 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने शुक्रवार को प्रदर्शनकारी मोहनजीत सिंह सिद्धू को हिरासत में लेने और उन्हें 'प्रताड़ित' करने की निंदा की। सिद्धू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को काला झंडा दिखाया था।
 

चंडीगढ़, 4 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने शुक्रवार को प्रदर्शनकारी मोहनजीत सिंह सिद्धू को हिरासत में लेने और उन्हें 'प्रताड़ित' करने की निंदा की। सिद्धू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को काला झंडा दिखाया था।

राजा वडिंग ने मान पर आरोप लगाया कि वे अहमद शाह अब्दाली की तरह व्यवहार करने लगे हैं, "शायद उन्हें लगता है कि वे हमेशा राज करेंगे"।

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) को पत्र लिखकर पंजाब पुलिस द्वारा युवक को प्रताड़ित किए जाने की जांच करने का आग्रह किया है। युवक ने सरकार के विरोध में मुख्यमंत्री के काफिले को काला झंडा दिखाया था।

एनएचआरसी अध्यक्ष को लिखे पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत में सिद्धू को बेरहमी से प्रताड़ित किया गया और उन्हें बिजली के झटके दिए गए।

उन्होंने आगे कहा कि सिद्धू ने दावा किया है कि पुलिसकर्मियों ने जबरन उन्हें नशीली दवाएं दीं और बाद में उनका डोप टेस्ट किया, जो पॉजिटिव आया।

राजा वडिंग ने कहा कि पंजाब पुलिस ने अब नशीली दवाओं के सेवन के लिए सिद्धू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उन्होंने इस मामले को 'मनगढ़ंत एफआईआर' बताया।

उन्होंने अपने पत्र में कहा, "कृपया इस मामले की जांच की जाए और उन सभी लोगों, खासकर प्रताड़ना और मनगढ़ंत एफआईआर के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।"

पंजाब कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि यह घटना मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार के तहत 'पुलिस की बर्बरता और क्रूरता' को दर्शाती है।

लुधियाना से कांग्रेस सांसद वडिंग ने उन दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की जिन्होंने सिद्धू को प्रताड़ित किया।

पीसीसी अध्यक्ष ने बाद में मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस सिद्धू के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने शुक्रवार को उनसे (सिद्धू से) मुलाकात की थी, वहीं वे खुद भी बाद में उनसे मिलने जाएंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि कांग्रेस 8 सितंबर को आप सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करेगी, क्योंकि सरकार ने सारी हदें पार कर दी हैं।

पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के पंजाब दौरे के बारे में पूछे गए एक सवाल पर उन्होंने कहा कि तारीखें तय की जा रही हैं और जल्द ही उनकी घोषणा की जाएगी।

--आईएएनएस

एएसएच/डीएससी