पंजाब: आप आदमी पार्टी ने केंद्र पर 'ग्रामीण विकास निधि' रोकने का आरोप लगाया
चंडीगढ़, 18 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक कुलदीप धालीवाल ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्य यात्रा को 'पूरी तरह विफल' बताया।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा न केवल पंजाब के लिए निराशाजनक रही, बल्कि उनके बयान खोखले और जनता को गुमराह करने के उद्देश्य से दिए गए थे।
धालीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सीधा हमला करते हुए कहा कि जो लोग राम मंदिर जैसे पवित्र स्थान के नाम पर चंदा चुरा सकते हैं, वे कभी भी राष्ट्र के प्रति ईमानदार नहीं हो सकते। उन्होंने अमृतसर में मीडिया से कहा कि भाजपा ने राम मंदिर निर्माण के नाम पर देशभर के लोगों की आस्था का फायदा उठाकर खुलेआम चंदा चुराया।
धालीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य की ग्रामीण विकास निधि (आरडीएफ) और अन्य निधियों में से हजारों करोड़ रुपए रोक रखे हैं।
उन्होंने कहा कि जब हम पंजाब के विकास के लिए ऋण लेते हैं, तो वे हम पर कुप्रबंधन का आरोप लगाते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि केंद्र सरकार पंजाब के वैध धन पर कब्जा जमाए बैठी है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार द्वारा लिया गया हर ऋण किसी उद्योगपति को लाभ पहुंचाने के लिए नहीं है, बल्कि अस्पतालों, स्कूलों, कॉलेजों, सड़कों, स्वास्थ्य सुविधाओं, गरीबों के लिए पेंशन और जन कल्याण योजनाओं पर खर्च किया जा रहा है। पंजाब का पैसा केवल पंजाब की जनता पर खर्च किया जा रहा है।
पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिलाने के मुद्दे पर, धालीवाल ने इसे आम जनता की जेब पर एक और बोझ बताया।
उन्होंने सवाल किया कि किस कानून के तहत यह जनता पर थोपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि दावा किया गया था कि इथेनॉल मिलाने से ईंधन सस्ता हो जाएगा, लेकिन इसके बजाय कीमतें और बढ़ गई हैं, जिससे आम आदमी पर सीधा बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस नीति से कुछ चुनिंदा कंपनियों को फायदा हो रहा है जबकि आम जनता इसकी कीमत चुका रही है।
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब में भाषण देने के बजाय प्रधानमंत्री को देश को बताना चाहिए कि किस कानून के तहत यह व्यवस्था लागू की गई है और इससे जनता को क्या लाभ मिला है।
नशीली दवाओं के मुद्दे पर धालीवाल ने भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि भाजपा-शिरोमणि अकाली दल गठबंधन सरकार के दौरान पंजाब में नशीली दवाओं का प्रसार हुआ।
--आईएएनएस
एमएस/
