Aapka Rajasthan

केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में बंपर वोटिंग, 5 बजे तक 86.92 प्रतिशत मतदान दर्ज

पुडुचेरी, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा के लिए गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान संपन्न हो गया। इस दौरान केंद्र शासित प्रदेश में रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया।
 
केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में बंपर वोटिंग, 5 बजे तक 86.92 प्रतिशत मतदान दर्ज

पुडुचेरी, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा के लिए गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान संपन्न हो गया। इस दौरान केंद्र शासित प्रदेश में रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया।

शाम 5 बजे तक मतदान 86.92 प्रतिशत तक पहुंच गया, जो 2006 में दर्ज 86 प्रतिशत के पिछले रिकॉर्ड से भी अधिक है।

यह 2021 के विधानसभा चुनाव में दर्ज 82.2 प्रतिशत मतदान से भी अधिक है, जिसे बढ़ती राजनीतिक जागरूकता और मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी का संकेत माना जा रहा है।

मतदान आधिकारिक रूप से शाम 6 बजे समाप्त हुआ, लेकिन कतार में खड़े लोगों को टोकन सिस्टम के जरिए वोट डालने दिया गया।

अधिकारियों ने भरोसा जताया कि अंतिम मतदान प्रतिशत और बढ़ेगा, क्योंकि कतार में खड़े लोगों को भी वोट डालने की अनुमति दी गई।

सभी निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ और दिनभर शांतिपूर्ण तरीके से चला। पुडुचेरी के साथ-साथ कराईकल, माहे और यानम क्षेत्रों में भी उत्साह के साथ मतदान हुआ। मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखी गईं, जो इस महत्वपूर्ण चुनाव में लोगों की भागीदारी को दर्शाती हैं।

कुल 9.5 लाख मतदाता वोट डालने के पात्र थे। इनमें 23 सीटें पुडुचेरी, 5 कराईकल और माहे व यानम में एक-एक सीट शामिल हैं। महिला मतदाता 5.03 लाख थीं, जो पुरुष मतदाताओं (4.46 लाख) से अधिक रहीं।

प्रशासन ने 1,099 मतदान केंद्र बनाए थे, जिनमें से 209 को संवेदनशील माना गया और वहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई।

इस चुनाव में कई दलों के बीच मुकाबला देखने को मिला, लेकिन मुख्य लड़ाई सत्तारूढ़ गठबंधन एनडीए, जिसका नेतृत्व ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस कर रही है और विपक्षी इंडिया गठबंधन (कांग्रेस, डीएमके और वीसीके) के बीच रही।

राजनीतिक समीकरणों में अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कजगम (टीवीके) की एंट्री ने भी मतदाताओं के बीच खास रुचि पैदा की।

रिकॉर्ड मतदान और कड़े मुकाबले के बीच, यह चुनाव पुडुचेरी के राजनीतिक भविष्य को तय करने वाला अहम जनादेश साबित हो सकता है।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम