लोगों को भड़काने का काम करते हैं ओवैसी : रामकृपाल यादव
नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पर तीखा हमला बोला। शुक्रवार को आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने ओवैसी पर लोगों को भड़काने और उकसाने का आरोप लगाया।
रामकृपाल यादव ने कहा, "ओवैसी लोगों को भड़काते हैं और उकसाते हैं, जैसे उन्होंने कोई दुकान खोल रखी हो, लेकिन जनता उनके बहकावे में नहीं आने वाली है।"
उन्होंने कहा कि भाजपा, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में जनता के कल्याण के लिए काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने दावा किया कि हर धर्म और जाति के लोगों ने हिमंता बिस्वा सरमा पर भरोसा जताया है और आने वाले चुनाव में भाजपा सरकार जरूर बनेगी।
दरअसल, यह बयान असदुद्दीन ओवैसी के हालिया भाषण के जवाब में आया है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गुवाहाटी में एक चुनावी रैली के दौरान असम सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने राज्य में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर हिमंता बिस्वा सरमा की आलोचना की थी।
ओवैसी ने अपने भाषण में कहा था, "स्थिति बहुत खराब है और ऐसे समय में जरूरी है कि मुस्लिम समुदाय की राजनीतिक ताकत को मजबूत किया जाए, खासकर अखिल भारतीय संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (एआईयूडीएडीएफ) के जरिए, ताकि दमनकारी ताकतों का मुकाबला किया जा सके।"
उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में सिर्फ नारे लगाने से काम नहीं चलता, बल्कि वोट के जरिए मजबूत संदेश देना जरूरी होता है।
ओवैसी ने लोगों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा, "चुनाव के दिन वोट के जरिए जवाब देना होगा। लोकतंत्र में आपका वोट सबसे बड़ा हथियार है। इसका सही इस्तेमाल करें।"
रामकृपाल यादव ने यह भी कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा को सभी वर्गों का समर्थन मिल रहा है, जिससे भाजपा अपनी जीत को लेकर आश्वस्त है।
असम विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल को होने हैं, जिसमें राज्य की सभी 126 सीटों पर मतदान किया जाएगा। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
--आईएएनएस
वीकेयू/वीसी
