Aapka Rajasthan

ओवैसी की टिप्पणी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी, माफी की मांग पर अड़े कार्यकर्ता

हैदराबाद, 20 नवंबर (आईएएनएस)। एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी की तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) की उपाध्यक्ष और सनथनगर विधानसभा क्षेत्र की प्रभारी कोटा नीलीमा के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी ओवैसी से बिना शर्त माफी मांगने की मांग कर रहे हैं।
 

हैदराबाद, 20 नवंबर (आईएएनएस)। एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी की तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) की उपाध्यक्ष और सनथनगर विधानसभा क्षेत्र की प्रभारी कोटा नीलीमा के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी ओवैसी से बिना शर्त माफी मांगने की मांग कर रहे हैं।

पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, ओवैसी की टिप्पणी से स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर ओवैसी के खिलाफ नारेबाजी की और सांसद की तस्वीरें जलाकर अपना विरोध जताया। प्रदर्शन के कारण इलाके में यातायात भी ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक ओवैसी माफी नहीं मांगते, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

शुक्रवार को हुए प्रदर्शन में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों से डिवीजन अध्यक्ष, पार्टी कार्यकर्ता, महिलाएं और युवा प्रदर्शन में शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में महिलाओं की गरिमा और सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सनथनगर के लोग अपने बीच रहकर उनके मुद्दों के लिए काम करने वाली नेता के सम्मान की रक्षा करेंगे।

इस बीच, टीपीसीसी अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़ ने भी ओवैसी की टिप्पणी को अनैतिक बताते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की है।

महेश कुमार गौड़ ने कहा कि राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने उत्तर प्रदेश में ओवैसी की राजनीतिक गतिविधियों की आलोचना की थी। यदि ओवैसी को इसका जवाब देना था तो उन्हें राजनीतिक मुद्दों पर पवन खेड़ा को जवाब देना चाहिए था। इसके बजाय उन्होंने पवन खेड़ा की पत्नी और कांग्रेस नेता कोटा नीलीमा को निशाना बनाया।

उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि राजनीतिक बहस का स्तर कितना गिर गया है। टीपीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि डॉ. कोटा नीलीमा की सार्वजनिक जीवन में अपनी अलग पहचान और राजनीतिक हैसियत है। उन्होंने कहा, "ओवैसी को पवन खेड़ा की आलोचना करने का पूरा अधिकार है। वह कांग्रेस पार्टी पर सवाल उठा सकते हैं और हमारी राजनीति से असहमति जता सकते हैं। लेकिन राजनीतिक हिसाब-किताब चुकाने के लिए किसी महिला की गरिमा का अपमान करना स्वीकार्य नहीं है।"

महेश कुमार गौड़ ने ओवैसी से माफी मांगने और सार्वजनिक जीवन में महिलाओं के सम्मान को बनाए रखने की अपील की। वहीं, सोशल मीडिया पर भी देशभर के कई लोग कोटा नीलीमा के समर्थन में सामने आए हैं। लोगों ने ओवैसी की टिप्पणी की आलोचना करते हुए महिला नेता के सम्मान के पक्ष में अपनी आवाज उठाई है।

--आईएएनएस

डीएससी