दिवंगत पति को जन्मदिन पर याद कर भावुक हुईं प्रियंका चोपड़ा की मां डॉ. मधु चोपड़ा
मुंबई, 23 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की मां डॉ. मधु चोपड़ा ने रविवार को अपने दिवंगत पति डॉ. अशोक चोपड़ा की जयंती पर उन्हें भावुक अंदाज में याद किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो साझा करते हुए उन्हें "स्वर्गीय जन्मदिन" की शुभकामनाएं दीं।
डॉ. मधु चोपड़ा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें डॉ. अशोक चोपड़ा के साथ बिताए गए परिवार के कई यादगार पल शामिल हैं। वीडियो में बेटी प्रियंका चोपड़ा और बेटे सिद्धार्थ चोपड़ा भी नजर आ रहे हैं।
पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, "मेरे पति, मेरे प्यार और मेरे दिल के उस हिस्से को स्वर्गीय जन्मदिन की शुभकामनाएं, जिसे मैं हर दिन अपने साथ लेकर चलती हूं। काश मैं आपका जन्मदिन यहीं मना पाती, लेकिन उम्मीद है कि आपको पता होगा कि आपसे कितना प्यार किया जाता है, आपको कितना याद किया जाता है और हमेशा याद रखा जाएगा।"
गौरतलब है कि प्रियंका चोपड़ा के पिता डॉ. अशोक चोपड़ा का 10 जून 2013 को मुंबई में कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद 62 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। वह भारतीय सेना की मेडिकल कॉर्प्स में चिकित्सक और सर्जन थे और लेफ्टिनेंट कर्नल के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
प्रियंका चोपड़ा भी अक्सर अपने दिवंगत पिता को याद करती रहती हैं और उन्हें अपना "सबसे बड़ा चीयरलीडर" बताती हैं। उन्होंने अपने पिता की याद में कलाई पर "डैडी लिटिल गर्ल" का टैटू भी बनवाया है।
हाल ही में प्रियंका ने सोशल मीडिया पर अपनी चार वर्षीय बेटी मालती मैरी की एक भावुक तस्वीर साझा की थी, जिसमें वह अपने नाना डॉ. अशोक चोपड़ा की तस्वीर के सामने हाथ जोड़कर खड़ी नजर आई थीं। मालती को अपने नाना से मिलने का अवसर नहीं मिल पाया, क्योंकि उनके जन्म से पहले ही उनका निधन हो चुका था।
वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा एस.एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वाराणसी' में मुख्य अभिनेत्री के रूप में नजर आएंगी। फिल्म में उनके साथ महेश बाबू मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। प्रियंका इसमें मंदाकिनी नाम की एक साहसी इतिहासकार की भूमिका निभाएंगी।
--आईएएनएस
डीएससी
