'लीडर फॉरएवर', डॉली पार्टन के निधन पर प्रियंका चोपड़ा और करीना कपूर ने दी श्रद्धांजलि
मुंबई, 26 अगस्त (आईएएनएस)। दिग्गज कंट्री म्यूजिक सिंगर और एक्ट्रेस डॉली पार्टन के निधन से दुनियाभर के फैंस और म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर है। 80 साल की उम्र में डॉली ने 25 अगस्त को दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन के बाद हॉलीवुड से लेकर बॉलीवुड तक कई सितारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा और करीना कपूर ने भी सोशल मीडिया पर डॉली पार्टन को याद करते हुए भावुक पोस्ट शेयर किए।
प्रियंका चोपड़ा ने डॉली पार्टन के एक पुराने इंटरव्यू का वीडियो क्लिप अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया। वीडियो के साथ प्रियंका ने कैप्शन में लिखा, ''आप कभी कहीं नहीं जा रहीं... हमेशा हमारे साथ रहेंगी... आपकी आत्मा को शांति मिले, डॉली पार्टन।''
वहीं, करीना कपूर ने डॉली पार्टन को याद करते हुए एक के बाद एक कई पोस्ट शेयर किए। करीना ने सबसे पहले डॉली की एक तस्वीर साझा की, जिस पर लिखा था, 'माय गर्ल, लव यू फॉरएवर, यू दिवा।'
करीना ने इसके बाद डॉली पार्टन का एक मशहूर कोट भी शेयर किया। इसमें लिखा था, 'जिस तरह मैं इसे देखती हूं, अगर आपको इंद्रधनुष चाहिए, तो आपको बारिश भी सहनी होगी।' इस पोस्ट के साथ करीना ने लिखा, 'उफ्फ क्वीन थिंग्स।'
करीना ने एक और पोस्ट के जरिए डॉली को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने डॉली की तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा, 'लीडर फॉरएवर।'
बता दें कि डॉली पार्टन का म्यूजिक करियर करीब सात दशक तक चला। टेनेसी के एक साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने अमेरिकी कंट्री म्यूजिक में अपनी ऐसी जगह बनाई, जिसे हासिल करना आसान नहीं था। 1967 में उनका पहला एल्बम 'हैलो, आई एम डॉली' रिलीज हुआ था। इसके बाद उन्होंने 'जोलीन', '9 टू 5', 'कोट ऑफ मेनी कलर्स' और 'आई विल ऑलवेज लव यू' जैसे गाने दिए, जो आज भी दुनिया भर में सुने जाते हैं।
डॉली ने फिल्मों और टीवी में भी काम किया और एक सफल अभिनेत्री के रूप में अपनी पहचान बनाई। '9 टू 5', 'स्टील मैग्नोलियाज' और 'द बेस्ट लिटिल व्होरहाउस इन टेक्सास' जैसी फिल्मों में उनके काम को पसंद किया गया। म्यूजिक और एक्टिंग के साथ उन्होंने बिजनेस और समाजसेवा में भी बड़ा योगदान दिया।
डॉली पार्टन ने बच्चों में पढ़ने की आदत बढ़ाने के लिए 'इमेजिनेशन लाइब्रेरी' अभियान शुरू किया, जिसके जरिए बड़ी संख्या में बच्चों तक किताबें पहुंचाई गईं। कोविड-19 वैक्सीन रिसर्च के दौरान भी उन्होंने वेंडरबिल्ट यूनिवर्सिटी को 10 लाख डॉलर का दान दिया था।
--आईएएनएस
पीके/एएस
