Aapka Rajasthan

आंध्र प्रदेश : एमपीटीसी-जेडपीटीसी चुनाव के लिए मतदान जारी, 2.61 करोड़ मतदाता डाल रहे हैं वोट

अमरावती, 5 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में गुरुवार को एमपीटीसी और जेडपीटीसी चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है।
 

अमरावती, 5 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में गुरुवार को एमपीटीसी और जेडपीटीसी चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है।

सुबह 7 बजे से 31,460 मतदान केंद्रों पर मंडल परिषद प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों (एमपीटीसी) और जिला परिषद प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों (जेडपीटीसी ) के लिए मतदान शुरू हुआ। सुबह से ही मतदाता मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए कतारों में लगे नजर आए।

राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) के अधिकारियों ने बताया कि 2.61 करोड़ मतदाता इस मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेने के पात्र हैं। मतदान गुरुवार शाम 5 बजे तक चलेगा।

यह मतदान 582 जेडपीटीसी और 7,767 एमपीटीसी सीटों के लिए हो रहा है। कुल 663 जेडपीटीसी में से 659 जेडपीटीसी के लिए मतदान की अधिसूचना जारी की गई थी। इसी तरह राज्य में 9,858 एमपीटीसी में से 9,829 एमपीटीसी के लिए अधिसूचना जारी की गई थी।

77 जेडपीटीसी और 2,051 एमपीटीसी सीटों पर चुनाव सर्वसम्मत हो चुका है। इन चुनावों में कुल 21,012 उम्मीदवार मैदान में हैं। एसईसी के अनुसार, 2,169 उम्मीदवार जेडपीटीसी सीटों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं जबकि 18,843 उम्मीदवार एमपीटीसी चुनावों के लिए मैदान में हैं।

एसईसी ने मतदान प्रक्रिया के संचालन के लिए 2,01,116 मतदान अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों को तैनात किया है। भारी बारिश को देखते हुए एसईसी ने एलुरु और पूर्वी गोदावरी जिलों के पांच मंडलों में मतदान स्थगित कर दिया है। एक अन्य मंडल में दो मतदान केंद्रों पर भी मतदान स्थगित किया गया है। इन मंडलों में मतदान शुक्रवार को होगा।

शहरी स्थानीय निकायों और एमपीटीसी-जेडपीटीसी चुनावों की नामांकन प्रक्रिया के दौरान और शहरी स्थानीय निकायों के मतदान के दौरान हिंसा की घटनाओं को देखते हुए एसईसी ने शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। पलनाडु, अन्नमय्या, वाईएसआर कडपा और तिरुपति जिलों में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।

एसईसी ने 8,904 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और 7,160 केंद्रों को अति संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया है। 16,084 मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। एसईसी ने 6,000 केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की है, जबकि 6,507 केंद्रों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है।

यदि कोई पुनर्मतदान होता है तो वह 6 नवंबर को होगा जबकि वोटों की गिनती 7 नवंबर को होगी। मतदान मूल रूप से 4 नवंबर को होना था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शहरी स्थानीय निकाय चुनावों को 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक स्थगित करने के मद्देनजर एसईसी ने मतदान को पुनर्निर्धारित किया।

सत्तारूढ़ गठबंधन टीडीपी के नेतृत्व वाला एनडीए बहुमत सीटें जीतने को लेकर आश्वस्त है। टीडीपी और उसके सहयोगी जन सेना और भाजपा ने 1 नवंबर को हुए नगरपालिका चुनावों में पहले ही क्लीन स्वीप कर लिया है, 100 शहरी स्थानीय निकायों में से 95 में जीत हासिल की है।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम