तेलंगाना मंत्री के पूर्व ओएसडी के मामले में पुलिस विभाग की कार्रवाई, जुबली हिल्स थाने के इंस्पेक्टर निलंबित
हैदराबाद, 25 अगस्त (आईएएनएस)। तेलंगाना के वन एवं बंदोबस्ती मंत्री कोंडा सुरेखा के पूर्व विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) एन सुमंथ से जुड़े मामले में हैदराबाद के जुबली हिल्स पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है।
जुबली हिल्स थाने के स्टेशन हाउस ऑफिसर मुट्टू यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने में कथित देरी और आरोपी सुमंथ का पता लगाने में विफल रहने के आरोपों के चलते यह कार्रवाई की गई।
पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार ने इंस्पेक्टर के निलंबन का आदेश जारी किया है। साथ ही मामले की जांच और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा के लिए विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
पूर्व ओएसडी सुमंथ एक रियल एस्टेट कारोबारी पर कथित हमले के मामले में फरार चल रहे हैं। पुलिस ने रविवार को उनके ड्राइवर को हिरासत में लिया था।
एक रियल एस्टेट कारोबारी की शिकायत के आधार पर सुमंथ और पांच अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके साथ लोहे की रॉड से मारपीट की गई और उससे 10 करोड़ रुपए की मांग की गई। इस मामले में सुमंथ और अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
पिछले सप्ताह मल्काजगिरि पुलिस आयुक्तालय के मेडिपल्ली पुलिस स्टेशन में एन सुमंथ और पांच अन्य लोगों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। बाद में मामला हैदराबाद पुलिस आयुक्तालय के जुबली हिल्स थाने को स्थानांतरित कर दिया गया।
बोडुप्पल निवासी गोंगिडी हरिकृष्णा ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि लोहे की रॉड और डंडों से उनकी पिटाई की गई तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
मामले में पूर्व ओएसडी सुमंथ समेत रामू, प्रशांत, अरुण कुमार रेड्डी, कार्तिक और महेंद्र रेड्डी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत आरोपी बनाया गया है।
हरिकृष्णा ने बताया कि 30 जुलाई को सुमंथ ने उन्हें रामू के कार्यालय में मिलने के लिए बुलाया था। वहां सुमंथ ने कथित तौर पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया और लोहे की रॉड से हमला किया। आरोप है कि सुमंथ के कहने पर अन्य लोग भी मारपीट में शामिल हो गए।
शिकायतकर्ता का कहना है कि हमले में उनके बाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ, कई जगह गंभीर चोटें आईं और उन्हें 10 अगस्त को सर्जरी करानी पड़ी।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब मंत्री कोंडा सुरेखा का परिवार राजनीतिक विवादों में घिरा हुआ है।
हाल ही में उनकी बेटी कोंडा सुष्मिता ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के खिलाफ बयान देकर सत्तारूढ़ कांग्रेस में हलचल मचा दी थी।
वारंगल जिले में अपनी मां के जन्मदिन समारोह के दौरान सुष्मिता ने कहा था कि अगला विधानसभा चुनाव वह परकाला सीट से लड़ेंगी, चाहे पार्टी उन्हें टिकट दे या नहीं। उन्होंने मुख्यमंत्री के परिवार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए थे।
इन बयानों को गंभीरता से लेते हुए तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने मंत्री कोंडा सुरेखा को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
कोंडा सुरेखा ने अपनी बेटी के बयान से दूरी बनाते हुए कहा था कि सुष्मिता ने अपने व्यक्तिगत विचार व्यक्त किए हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
