जम्मू-कश्मीर: हंदवाड़ा में आतंकी पोस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़
श्रीनगर, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा उप-मंडल की पुलिस ने गुरुवार को बताया कि उसने आतंकी पोस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है और एक अन्य आपराधिक मामले में तीन आरोपियों की संपत्तियां जब्त की हैं।
पुलिस ने बताया कि हंदवाड़ा पुलिस ने हंदवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक सार्वजनिक स्थान पर देश-विरोधी और भड़काऊ पोस्टर लगाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
इसके तहत हंदवाड़ा थाने में कानून की संबंधित धाराओं के अंतर्गत एफआईआर नंबर 259/2026 दर्ज की गई है।
जांच के दौरान इस साजिश में 'ओवर ग्राउंड वर्कर्स' (ओजीडब्ल्यू) और अन्य लोगों की संदिग्ध संलिप्तता सामने आई है। मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
इस अपराध से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल सभी व्यक्तियों की अलग-अलग भूमिकाओं को स्पष्ट करने के लिए आगे की जांच चल रही है।
हंदवाड़ा पुलिस ने शांति, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने, और गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के अपने संकल्प को दोहराया है। बयान में आम जनता से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना नजदीकी पुलिस थाने में देकर पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य आपराधिक मामले में पुलिस ने गुरुवार को हंदवाड़ा थाने में 2023 में दर्ज एक मामले के सिलसिले में तीन आरोपियों की संपत्तियां कुर्क (अटैच) कर ली हैं।
यह मामला (एफआईआर नंबर 198/2023) रणबीर दंड संहिता (आरपीसी) की विभिन्न धाराओं, जिनमें धारा 307, 302, 436, 120-बी और 121-ए शामिल हैं, के साथ-साथ ईआईएमसीओ एक्ट, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज किया गया था।
कुर्क की गई संपत्तियां जचलदारा निवासी अजीज भट के बेटे गुलाम रसूल भट; जचलदारा के बावन निवासी गुलाम मोहम्मद मीर के बेटे अब्दुल समद मीर; और जचलदारा के बुतशंगी निवासी सावरिया खटाना के बेटे शायर अली खटाना की हैं।
पुलिस ने बताया कि संपत्ति कुर्क करने की यह कार्रवाई राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में की गई। हंदवाड़ा पुलिस का कहना है कि यह कदम गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों में कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उनके निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
