रेजीनगर उपचुनाव के नतीजों पर ‘भ्रामक’ पोस्ट को लेकर अभिषेक बनर्जी के खिलाफ पुलिस शिकायत
कोलकाता, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक जानकारी साझा करने के मामले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। चुनाव आयोग की ओर से कार्रवाई करते हुए संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) ने शनिवार को रेजीनगर पुलिस स्टेशन में यह शिकायत दर्ज कराई।
दरअसल, शुक्रवार को मतगणना के दौरान अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया था। इसमें उन्होंने दावा किया था कि रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव के एक मतदान केंद्र पर भाजपा के विजयी उम्मीदवार सखाराव सरकार को पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या से भी अधिक वोट मिले हैं।
डायमंड हार्बर के सांसद ने अपनी पोस्ट में दावा किया था कि रेजीनगर के बूथ नंबर 109 पर भाजपा उम्मीदवार को 909 वोट मिले, जबकि वहां कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या केवल 772 थी। हालांकि, जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) एवं जिलाधिकारी (डीएम) ने इस दावे को खारिज करते हुए तत्काल स्पष्टीकरण जारी किया था। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित मतदान केंद्र की मतदाता सूची के अनुसार, वहां कुल 1,109 पंजीकृत मतदाता थे। इनमें से रेजीनगर उपचुनाव में सभी उम्मीदवारों को मिलाकर कुल 972 वोट पड़े थे।
इसके बाद शनिवार को चुनाव आयोग की ओर से संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर ने अभिषेक बनर्जी के खिलाफ रेजीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले में अब यह देखना होगा कि क्या पुलिस अभिषेक बनर्जी को पूछताछ के लिए रेजीनगर थाने में बुलाती है।
इस बीच, अभिषेक बनर्जी और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी फिलहाल नई दिल्ली में हैं। दोनों कॉक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। यह आंदोलन मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और पूर्वी मिदनापुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव हुआ था, जबकि नतीजे 9 अक्टूबर को घोषित किए गए। दोनों सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इसके साथ ही 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा की सीटों की संख्या बढ़कर 209 हो गई।
--आईएएनएस
डीएससी
