रूसी हमले के दौरान पोलैंड में अनजान चीज गिरने से धमाका, पीएम टस्क ने पूरे यूरोप के लिए बताया खतरा
वारसॉ, 30 जुलाई (आईएएनएस)। पोलैंड ने अपने हवाई क्षेत्र में एक अनजान चीज घुसने का दावा किया। पोलैंड ने कहा कि बुधवार रात यूक्रेन की तरफ जा रही एक अनजान चीज हमारे हवाई क्षेत्र में घुसते हुए ल्यूबलिन के पास क्रैश हो गई, जिससे एक धमाका हुआ और दस मीटर चौड़ा गड्ढा बन गया।
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा कि यह घटना उस समय हुई जब रूस यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमला कर रहा था।
टस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "पश्चिमी यूक्रेन पर रूस के बड़े मिसाइल हमले के दौरान पोलैंड के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन हुआ। इस घटना के बाद मैंने रक्षा मंत्री और संबंधित एजेंसियों के साथ एक समन्वय टीम की बैठक बुलाई है। यह टीम कई घंटों से मौके पर काम कर रही है और मुझे लगातार घटना से जुड़ी सभी जानकारी दे रही है।"
यूरो न्यूज ने पुलिस के हवाले से बताया, "तारनावा कोलोनिया इलाके के लोगों ने गुरुवार सुबह करीब चार बजे एक जोरदार धमाका सुना, जिससे उनके घरों की खिड़कियां तक कांप गईं। पुलिस को एक खेत में लगभग दस मीटर चौड़ा गड्ढा और किसी अज्ञात वस्तु का मलबा मिला। यह जगह घरों से करीब दस किलोमीटर दूर है।"
पोलैंड की आर्म्ड फोर्सेज कमांड ने बताया कि एक एमआई-24 हेलीकॉप्टर ने घटनास्थल के ऊपर उड़ान भरी और उस जगह की पहचान की जहां संभवतः वह वस्तु गिरी थी। यह इलाका आबादी से दूर खुली जमीन पर है। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में किसी के घायल होने या मौत की कोई खबर नहीं है।
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने कहा कि रूस के बड़े हमले के दौरान पोलैंड के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन हुआ। उन्होंने यूक्रेन और पोलैंड की सरकारों तथा सुरक्षा एजेंसियों के साथ एकजुटता जताई, जो लोगों की सुरक्षा के लिए काम कर रही हैं।
कोस्टा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "बुधवार रात रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर मिसाइलों और ड्रोन के साथ संयुक्त हमला किया। इस हमले के दौरान पोलैंड के हवाई क्षेत्र का भी उल्लंघन हुआ, जो एक बार फिर दिखाता है कि रूस की आक्रामक कार्रवाई पूरे यूरोप की सुरक्षा के लिए खतरा है।"
उन्होंने कहा कि इन हमलों के पीड़ितों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। यूरोपीय संघ यूक्रेन और पोलैंड के अधिकारियों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। हम यूक्रेन की हवाई सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अपना समर्थन बढ़ा रहे हैं, जिसमें मिसाइल-ड्रोन रोधी क्षमताएं भी शामिल हैं। यूरोप इस आक्रामकता के खिलाफ एकजुट रहना जारी रखेगा।
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम
