Aapka Rajasthan

पीएम मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा से व्यापारिक संबंधो को मिलेगी नई मजबूती: भारतीय प्रवासी

मेलबर्न, 8 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को मेलबर्न पहुंचने वाले हैं। उनकी यात्रा को लेकर ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय प्रवासी समुदाय के लोगों ने उम्मीद जताई है कि इससे भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापारिक संबंध और मजबूत होंगे।
 

मेलबर्न, 8 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को मेलबर्न पहुंचने वाले हैं। उनकी यात्रा को लेकर ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय प्रवासी समुदाय के लोगों ने उम्मीद जताई है कि इससे भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापारिक संबंध और मजबूत होंगे।

भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बानीज से अपील की है कि दोनों देशों के बीच होने वाली द्विपक्षीय वार्ता में समावेशिता, विदेशी छात्रों के लिए वीजा सीमा और अन्य आव्रजन से जुड़े मुद्दों को भी शामिल किया जाए।

ऑस्ट्रेलिया इंडिया चैंबर ऑफ कॉमर्स (एआईसीसी) की पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) निकिता कौर चोपड़ा ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मैं पिछले सात वर्षों से ऑस्ट्रेलिया में रह रही हूं। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री व्यापारिक अवसरों, सहयोग और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्तों को और मजबूत करेगी। हम भारतीयों के लिए वीजा प्रक्रिया में अधिक सहूलियत, बेहतर इमिग्रेशन व्यवस्था और दोनों देशों के बीच मजबूत कारोबारी संबंधों की उम्मीद कर रहे हैं।"

निकिता कौर चोपड़ा ने दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों से अपील की कि वे अपनी बातचीत में भारतीयों के खिलाफ नस्लीय भेदभाव (रेसिज्म) जैसे आव्रजन से जुड़े मुद्दों को भी शामिल करें।

उन्होंने कहा, "समाज में सभी को स्वीकार्यता मिलनी चाहिए।"

उन्होंने आगे कहा, "जो भारतीय कारोबारी ऑस्ट्रेलिया आकर कारोबार करना चाहते हैं, उनके लिए वीजा, व्यापार और रोजगार से जुड़े नियमों को और आसान बनाया जाना चाहिए। इससे दोनों देशों को फायदा होगा।"

निकिता कौर चोपड़ा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के दौरान वह सीईओ फोरम में भी शामिल होंगी। उन्होंने कहा, "मैं खास तौर पर यह समझना चाहती हूं कि ऑस्ट्रेलिया में भारतीय कारोबारियों के लिए कारोबार करना कितना आसान बनाया जा सकता है।"

भारतीय समुदाय के एक अन्य सदस्य ने कहा, "मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि जब मैं छह साल पहले ऑस्ट्रेलिया आया था, तब भी प्रधानमंत्री मोदी ही देश का नेतृत्व कर रहे थे। आज मैंने काफी सकारात्मक बदलाव देखा है। दुनिया के कई देशों में भारतीयों को बेहद सम्मान की नजर से देखा जाता है। भारत की अर्थव्यवस्था 'फ्रैजाइल फाइव' से निकलकर दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गई है।"

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारतीय समुदाय के लिए गर्व का क्षण है। "ऐसा लगता है जैसे वह अपने साथ पूरे भारत को यहां लेकर आए हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "पिछले तीन-चार वर्षों में वीजा शुल्क दो से तीन गुना तक बढ़ गया है। अगर इसमें कुछ राहत मिलती है तो भारतीय समुदाय के लिए यह बहुत अच्छा होगा। इसके अलावा, ऑस्ट्रेलियाई विश्वविद्यालयों में दाखिला लेने वाले भारतीय छात्रों के लिए वीजा कैप भी बड़ी चुनौती बन गई है। यदि इस सीमा को हटा दिया जाए तो भारतीय छात्रों को काफी लाभ मिलेगा।"

--आईएएनएस

डीबीपी