बेंगलुरु मेट्रो का विस्तार ट्रैफिक जाम पर एक जीत: भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या
बेंगलुरु, 13 नवंबर (आईएएनएस)। बेंगलुरु दक्षिण से भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने शुक्रवार को कहा कि बेंगलुरु में मेट्रो नेटवर्क का हर विस्तार शहर में ट्रैफिक जाम पर एक जीत है। उन्होंने कर्नाटक में सार्वजनिक परिवहन और बुनियादी ढांचे के विकास को बड़ा बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया।
आईआईएम-बेंगलुरु परिसर में प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी वाले एक कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए सूर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री का कर्नाटक दौरा हमेशा एक उत्सव जैसा होता है, क्योंकि इस दौरान अक्सर कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इस बार भी, आप 'पिंक लाइन मेट्रो' का उद्घाटन करने आए हैं।
सूर्या ने बताया कि 2014 में बेंगलुरु का मेट्रो नेटवर्क केवल 7 किमी का था, जो अब पीएम मोदी के नेतृत्व में 100 किमी का आंकड़ा पार करते हुए 103 किमी तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि भारी ट्रैफिक जाम से जूझ रहे शहर के लिए यह विस्तार बहुत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि बेंगलुरु जैसे शहर में मेट्रो की हर नई लाइन ट्रैफिक जाम के खिलाफ एक जीत है।
भाजपा सांसद ने कहा कि बेंगलुरु को अगले साल प्रधानमंत्री के फिर से आने का बेसब्री से इंतजार है, जब वे 'एयरपोर्ट मेट्रो लाइन' और उसके बाद 'बेंगलुरु सबअर्बन रेलवे' के पहले कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे।
उन्होंने कर्नाटक में रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया और कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य को 12 वंदे भारत ट्रेनें मिली हैं।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी ने बेंगलुरु को मंगलुरु के रास्ते गोवा से जोड़ने वाली 13वीं वंदे भारत सेवा को हरी झंडी दिखाई।
सूर्या ने आगे कहा कि पिछले एक दशक में कर्नाटक के लिए रेलवे आवंटन में 9.5 गुना की वृद्धि हुई है और राज्य के 98 प्रतिशत रेलवे नेटवर्क का विद्युतीकरण हो चुका है।
एक अन्य प्रमुख परियोजना का जिक्र करते हुए सूर्या ने बताया कि 'स्वच्छ भारत शहरी कोष' के तहत बेंगलुरु दक्षिण में कर्नाटक के पहले 'कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट' की आधारशिला रखी गई है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से बोम्मनहल्ली के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी, जो पिछले लगभग चार दशकों से कर्नाटक कंपोस्ट डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (केसीडीसी) के कचरा प्रसंस्करण संयंत्र के कारण समस्याओं का सामना कर रहे थे।
सूर्या के अनुसार, इस संयंत्र में हर दिन 400 से 500 मीट्रिक टन कचरा आता था, और यहां से आने वाली बदबू तीन से चार किलोमीटर के दायरे में फैले इलाकों को प्रभावित करती थी। उन्होंने कहा कि कचरा डंप करने की वजह से भूजल के दूषित होने को लेकर भी चिंताएं पैदा हो गई थीं।
पुराने विरोध-प्रदर्शन को याद करते हुए सूर्या ने बताया कि 2008 में स्कूली बच्चों ने केसीडीसी संयंत्र को बंद करने की मांग को लेकर तत्कालीन मुख्यमंत्री के पास एक जुलूस निकाला था, लेकिन यह मुद्दा तब भी अनसुलझा ही रह गया था।
उन्होंने कहा कि आज, 'स्वच्छ भारत शहरी कोष' के तहत प्रधानमंत्री 166 करोड़ रुपए के 'कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट' की आधारशिला रख रहे हैं। इससे इस इलाके के लोगों के जीवन स्तर में बड़ा बदलाव आएगा।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित प्लांट में रोजाना लगभग 300 मीट्रिक टन गीले कचरे का प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) किया जाएगा। इससे लगभग 25,000 घरों के लिए खाना पकाने वाली गैस (कुकिंग गैस) के बराबर ऊर्जा मिलेगी, और साथ ही किसानों के लिए जैविक खाद भी तैयार होगी।
बेंगलुरु दक्षिण के सांसद ने कहा कि शहर ने सरकार की नीतियों से मिले मौकों का पूरा लाभ उठाया है और एक 'नए भारत' के निर्माण में एक अहम भागीदार बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी भागीदारी के रास्ते खुलने से बेंगलुरु के स्टार्टअप्स को रॉकेट और उपग्रह (सैटेलाइट) बनाने का मौका मिला है। उन्होंने यह भी बताया कि यह शहर वैश्विक बाजारों के लिए आईफोन बना रहा है और यहाँ 'तेजस' लड़ाकू विमानों का निर्माण भी हो रहा है।
सूर्य ने कहा कि नए भारत की जो भावना है, वही बेंगलुरु की भी भावना है।
--आईएएनएस
एमएस/
