पीएम मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी की द्विपक्षीय वार्ता, रक्षा और समुद्री सहयोग पर चर्चा
विक्टोरिया (सेशेल्स), 28 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने रविवार को सेशेल्स स्थित स्टेट हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिस्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी को सेशेल्स के स्टेट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को सेशेल्स को भारत में निर्मित फास्ट पेट्रोल वेसल (एफपीवी) पीएस लेस्पवॉर, छह एंबुलेंस, 10 यूटिलिटी वाहन और पांच लेजर रेडियल नौकाएं सौंपी थीं। यह कदम सेशेल्स की समुद्री निगरानी और विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) की सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
यह हस्तांतरण समारोह प्रधानमंत्री मोदी की राजकीय यात्रा के पहले दिन विक्टोरिया स्थित सेशेल्स कोस्ट गार्ड बेस पर राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी की मौजूदगी में हुआ।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "एक खास पहल के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मेड इन इंडिया' फास्ट पेट्रोल वेसल (एफपीवी) 'पीएस लेस्पवॉर' राष्ट्रपति डॉ पैट्रिक हर्मिनी को सौंपा। यह एफपीवी सेशेल्स की समुद्री निगरानी और ईईजेड पेट्रोलिंग क्षमताओं को मजबूत करने में मदद करेगा।"
यह पोत एक हाई-स्पीड गश्ती पोत है, जो सेशेल्स की नौवहन की सुरक्षा को मजबूती देगा। समुद्री सुरक्षा के लिहाज से गश्ती पेट्रोल काफी महत्वपूर्ण होती है। यह तेज रफ्तार गश्ती पोत सेशेल्स की समुद्री निगरानी और उसके विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) में गश्त की क्षमता को मजबूत करने में मदद करेगा। समुद्री डाकुओं और समुद्री तस्करी को रोकने के लिए गश्ती पेट्रोल की काफी जरूरत होती है। भारत की यह भेंट सेशेल्स की उसी सुरक्षा को मजबूती देगा।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत के 'विजन महासागर' पहल के तहत दोनों देश हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता के लिए रक्षा साझेदारी को मजबूत कर रहे हैं।
दोनों नेताओं ने शनिवार को सेशेल्स नेशनल बॉटनिकल गार्डन में दुर्लभ 'कोको डी मेर' पाम का पौधा भी लगाया।
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार दोपहर सेशेल्स पहुंचे थे, जहां वह सोमवार को सेशेल्स राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करेंगे।
सेशेल्स स्थित एयरपोर्ट पर भी गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान दोनों देशों के राष्ट्रगान बजाए गए और प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति हर्मिनी ने सैन्य सलामी का निरीक्षण किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स के पारंपरिक माउट्या नृत्य और गुजरात के कच्छ क्षेत्र के लोक नृत्य की सांस्कृतिक प्रस्तुति भी देखी।
यह प्रधानमंत्री मोदी की सेशेल्स की दूसरी राजकीय यात्रा है। वहीं, फरवरी में राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी छह दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आए थे।
--आईएएनएस
केआर/
