स्वदेशी पशु टीकों से किसानों की आय बढ़ी, ग्रामीण भारत को मिला नया बल : पीएम मोदी
नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बताया कि पिछले 12 वर्षों में स्वदेशी टीकों का विकास, पशुधन और पोल्ट्री (मुर्गी पालन) को संक्रामक रोगों से बचाने में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इन प्रयासों से पशुओं के स्वास्थ्य की रक्षा करने, बीमारियों से होने वाले नुकसान को कम करने, किसानों की आय बढ़ाने और किसान समुदायों के जीवन स्तर में सुधार लाने में मदद मिली है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में किसानों की समृद्धि और ग्रामीण भारत के सशक्तीकरण की दिशा में कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्वदेशी टीकों का विकास पशु चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा में भारत की बढ़ती क्षमताओं को दर्शाता है। साथ ही यह एक मजबूत और आत्मनिर्भर कृषि इकोसिस्टम बनाने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी दिखाता है।
उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के एक लेख का जिक्र किया, जिसमें विस्तार से बताया गया है कि कैसे स्वदेशी टीकों का विकास पशुधन और पोल्ट्री को संक्रामक रोगों से बचाने में मदद कर रहा है। इससे न केवल किसानों की आय बढ़ी है, बल्कि उनका जीवन भी बेहतर और आसान हुआ है।
इस बीच, कृषि मंत्री देश की पोल्ट्री को 'बर्ड फ्लू' (एच5एन1 स्ट्रेन) के प्रकोप से बचाने के लिए इसके खिलाफ भारत की पहली स्वदेशी वैक्सीन को राष्ट्र को समर्पित करने वाले थे।
भोपाल स्थित आईसीएआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिसीज (आईसीएआर-एनआईएचएसएडी) ने 'बर्ड फ्लू' (जिसे एवियन इन्फ्लूएंजा भी कहा जाता है) जैसी घातक बीमारी के खिलाफ एक वैक्सीन विकसित की है। इस वैक्सीन को संस्थान में पेश किया जाना था। यह देश के पोल्ट्री क्षेत्र में बीमारी पर नियंत्रण को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
बर्ड फ्लू के कारण न केवल बड़ी संख्या में पशुओं/पक्षियों को मारना पड़ता है और व्यापार पर प्रतिबंध लगाने पड़ते हैं, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय बाजारों को भी बाधित करता है, पोल्ट्री उत्पादों की कीमतों को प्रभावित करता है और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाता है।
भारत में 2006 में पहला मामला सामने आने के बाद से देश में एच5एन1 और एच5एन8 सबटाइप से जुड़े 500 से अधिक प्रकोप (आउटब्रेक) देखे गए हैं। सरकारी अनुमान बताते हैं कि एक बड़े प्रकोप से भारत की जीडीपी वृद्धि में 1.5 प्रतिशत की कमी आ सकती है और देश की 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी खतरे में पड़ सकती है।
पहले हुए प्रकोपों से इस आर्थिक जोखिम का पता चल चुका है। 2006 के प्रकोप के कारण लगभग 2,200 करोड़ से 3,000 करोड़ रुपए का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नुकसान हुआ था, जबकि मणिपुर में हुए एक अन्य प्रकोप से राज्य की जीडीपी के 0.5 प्रतिशत के बराबर नुकसान हुआ था।
कृषि संबंधी नुकसान के अलावा, एच5एन1 सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरे पैदा करता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा के 1,003 मानवीय मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 लोगों की मौत हुई है।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी
