Aapka Rajasthan

मजबूत सुधारों और निवेश से आकार ले रहा विकसित भारत 2047: प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि विकसित भारत 2047 यात्रा मजबूत सुधारों और मुख्य सेक्टर्स में निवेश से आकार ले रही है।
 

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि विकसित भारत 2047 यात्रा मजबूत सुधारों और मुख्य सेक्टर्स में निवेश से आकार ले रही है।

पीएमओ इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के अध्यक्ष आर. मुकुंदन के एक लेख का जिक्र किया। इसमें उन्होंने बताया कि कैसे बुनियादी ढांचे में निवेश, जीएसटी, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, कॉर्पोरेट टैक्स में सुधार, पीएलआई योजनाओं और व्यापार समझौतों के जरिए विकास की नींव रखी गई है।

पोस्ट में आगे कहा कि भारत की आर्थिक क्षमता को स्थायी समृद्धि में बदलने के लिए सरकार और उद्योग जगत को 'टीम भारत' के रूप में मिलकर काम करना चाहिए।

आर. मुकुंदन ने एक प्रमुख वित्तीय दैनिक समाचार पत्र में एक लेख लिखा। इसमें उन्होंने कल्पना की है कि अगस्त 2047 में, भारत की स्वतंत्रता के 100वें वर्ष पर, सीआईआई (भारतीय उद्योग परिसंघ) के अध्यक्ष क्या लिखेंगे। साथ ही, उन्होंने एक 'विकसित भारत' तक पहुंचने के लिए जरूरी रोडमैप भी पेश किया है।

मुकुंदन भारत को एक उच्च-आय वाले देश के रूप में देखते हैं, जहां मैन्युफैक्चरिंग का कुल उत्पादन में 25 प्रतिशत योगदान हो, औपचारिक रोजगार और कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़े, और भारतीय कंपनियां सेमीकंडक्टर, स्वच्छ ऊर्जा तथा फार्मास्यूटिकल्स जैसे क्षेत्रों में अग्रणी हों।

वर्तमान आर्थिक पैमानों का जिक्र करते हुए, मुकुंदन ने कहा कि 2025 तक प्रति व्यक्ति सकल राष्ट्रीय आय (जीएनआई) 2,760 डॉलर थी, विनिर्माण का जीवीए (सकल मूल्य वर्धन) में योगदान लगभग 15 प्रतिशत था, और आरएंडडी (अनुसंधान और विकास) पर खर्च जीडीपी का 0.84 प्रतिशत था।

लेख में आगे बताया गया है कि वित्त वर्ष 2025-26 में स्मार्टफोन भारत का सबसे बड़ा निर्यात उत्पाद बन गए। इस दौरान सेमीकंडक्टर से जुड़ी 12 परियोजनाओं को मंजूरी मिली, गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित ऊर्जा क्षमता 300 गीगावाट के पार पहुंच गई, और अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच घोषित 26.6 लाख करोड़ की परियोजनाओं में 86 प्रतिशत निवेश निजी क्षेत्र से आया।

इसमें आगे कहा कि जीएसटी सुधारों, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, बुनियादी ढांचे में निवेश और पीएलआई (उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन) योजनाओं की मदद से भारत की आर्थिक वृद्धि दर लगभग 8 प्रतिशत के स्तर पर बनी रही।

यह रोडमैप छह मुख्य स्तंभों पर टिका है। इसमें कंपनियों से कहा गया है कि वे मांग बढ़ने से पहले ही अपनी क्षमता का विस्तार करें, आयात या स्थायी सरकारी संरक्षण पर निर्भर रहने के बजाय घरेलू स्तर पर आरएंडडी को मजबूत करें और केवल 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' से आगे बढ़कर, राज्य-स्तरीय सुधारों के जरिए काम की गति को तेज करें।

--आईएएनएस

एबीएस