पीयूष गोयल 24 से 27 अगस्त तक जापान के दौरे पर, अब तक के सबसे बड़े भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का करेंगे नेतृत्व
नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 24 से 27 अगस्त 2026 तक जापान की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान, वे टोक्यो, नागोया और ओसाका का दौरा करेंगे और भारत के अब तक के सबसे बड़े व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। यह जानकारी वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से रविवार को दी गई।
मंत्रालय ने बताया कि इस व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल में 200 से अधिक व्यापार प्रतिनिधि शामिल हैं जो विनिर्माण, सेमीकंडक्टर, स्वच्छ ऊर्जा और इस्पात से लेकर ऑटोमोटिव, वित्तीय सेवाएं, स्वास्थ्य सेवा और स्टार्टअप जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हैं।
केंद्रीय मंत्री गोयल टोक्यो में भारत के विकास में लंबे समय से भागीदार रहे प्रमुख जापानी समूहों और औद्योगिक घरानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ कई बैठकें करेंगे। इसके साथ ही, वे 1,500 से अधिक अग्रणी जापानी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाली सर्वोच्च संस्था, कीडानरेन (जापान बिजनेस फेडरेशन) के साथ एक गोलमेज सम्मेलन में भी भाग लेंगे।
यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और जापान व्यापार और निवेश संबंधों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में प्रयासरत हैं।
मंत्रालय के मुताबिक, दौरे के केंद्रीय मंत्री मंत्री अपने समकक्ष अकाजावा रयोसेई, अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग मंत्री (एमईटीआई) के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे और जापान सरकार और संसद के वरिष्ठ सदस्यों से भेंट करेंगे साथ ही जापान में भारतीय समुदाय के साथ भी बातचीत करेंगे।
केंद्रीय मंत्री मध्य जापान के औद्योगिक केंद्र नागोया में चुकेरेन (मध्य जापान आर्थिक संघ) और नागोया चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के साथ एक रोड शो का नेतृत्व करेंगे और आइची प्रान्त के नेतृत्व और ऑटोमोटिव और इस्पात क्षेत्रों के प्रमुख विनिर्माण निवेशकों के साथ बातचीत करेंगे।
यह यात्रा ओसाका में निवेशकों और व्यापार रोड शो के साथ समाप्त होगी जिसमें इलेक्ट्रॉनिक्स, औद्योगिक और उपभोक्ता क्षेत्रों की अग्रणी जापानी कंपनियों के साथ बैठकें होंगी, जिनका उद्देश्य भारत के विनिर्माण, स्वच्छ ऊर्जा और उपभोक्ता बाजारों में मौजूद अवसरों के बारे में बताना है।
--आईएएनएस
एबीएस
