Aapka Rajasthan

केरल: भीड़ ने तीन युवकों के साथ की मारपीट, सिर भी मुंडवाए, पुलिस कर रही जांच

कोच्चि, 9 जुलाई (आईएएनएस)। केरल के पेरुम्बावूर से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। यहां पर कुछ लोगों ने तीन युवकों पर नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल होने का आरोप लगाकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, उन्हें घुटनों के बल बैठने पर मजबूर किया और उनके सिर मुंडवा दिए।
 

कोच्चि, 9 जुलाई (आईएएनएस)। केरल के पेरुम्बावूर से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। यहां पर कुछ लोगों ने तीन युवकों पर नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल होने का आरोप लगाकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, उन्हें घुटनों के बल बैठने पर मजबूर किया और उनके सिर मुंडवा दिए।

यह घटना बुधवार शाम करीब 4:30 बजे पेरुम्बावूर में भाई कॉलोनी के पास हुई।

पीड़ित, जो पास के वाझाकुलम में मंजपेट्टी के रहने वाले हैं, उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उन्हें सबके सामने अपमानित किया गया।

स्थानीय लोगों के एक समूह ने इन युवकों को रोका और आरोप लगाया कि वे उस इलाके में गांजा बेचने या खरीदने आए थे।

पुलिस को सूचना देने के बजाय, उस समूह ने कथित तौर पर तीनों लोगों को रोक लिया और जबरन पास के एक कमरे में ले गए।

आरोप है कि पिटाई करने से पहले पीड़ितों को घुटनों के बल बैठने पर मजबूर किया गया।

जांचकर्ताओं के अनुसार, यह जानबूझकर अपमानित करने की कोशिश थी। हमलावरों ने पास की दुकान से एक नाई को बुलाया और उससे तीनों युवकों के सिर मुंडवा दिए।

घटना के बाद, पीड़ित पेरुम्बावूर पुलिस के पास गए और मारपीट के बारे में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।

जांचकर्ता यह भी पता लगा रहे हैं कि तीनों शिकायतकर्ता उस इलाके में क्यों आए थे और उन पर लगाए गए आरोपों का कोई ठोस आधार था या नहीं।

हालांकि, पुलिस सूत्रों ने संकेत दिया कि भले ही युवक नशीले पदार्थों के लेन-देन के सिलसिले में इलाके में आए हों, फिर भी यह किसी भी तरह से हिंसा को सही नहीं ठहराता।

अधिकारियों ने फिर से कहा कि आपराधिक गतिविधियों के आरोपों की सूचना पुलिस को दी जानी चाहिए और कानून के अनुसार सख्ती से निपटा जाना चाहिए। भीड़ द्वारा कानून को अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए, उन्हें कार्रवाई करने का अधिकार नहीं है।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम