भीड़ और अवधि का ब्योरा जरूरी, तभी मिलती है सेंट्रल पार्क में आयोजन की अनुमति: एनडीएमसी अध्यक्ष
नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने शनिवार को कहा कि नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में किसी भी प्रकार की गतिविधि की अनुमति तभी दी जाती है जब अपेक्षित लोगों की संख्या और अवधि का विवरण प्रस्तुत किया जाता है, "क्योंकि पार्क सार्वजनिक संपत्ति है"।
यह बयान एनडीएमसी द्वारा कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) को सेंट्रल पार्क में 'लहरा दो तिरंगा' रैली आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार करने के बाद आया है।
मनोज कुमार द्विवेदी ने आईएएनएस से बात करते हुए दावा किया, "हमने सेंट्रल पार्क को दो दिनों के लिए बंद कर दिया था, क्योंकि हम इस समय का इस्तेमाल रखरखाव (मेंटेनेंस) के कुछ कामों के लिए करना चाहते थे। पार्क में एक छोटा फव्वारा है, जिसमें लाइट और साउंड शो की सुविधा है। इसके कुछ फव्वारों की मरम्मत की जरूरत थी, जो हम करवा रहे हैं। हम वहां अपनी कुछ ड्रिप सिंचाई लाइनों को भी अपग्रेड कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "हमने इस जगह को बहुत ही सुंदर ढंग से बनाए रखा है। 7 एकड़ में फैले इस पार्क में एक एम्फीथिएटर (खुला रंगमंच) और फव्वारे की सुविधा भी है। चूंकि कनॉट प्लेस हमारा एक हेरिटेज (धरोहर) क्षेत्र है, इसलिए हम यह भी सुनिश्चित करते हैं कि पार्क को जरूरी सजावट और सुंदरता मिले, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को यहां एक बेहतरीन अनुभव मिल सके।"
द्विवेदी ने कहा कि सीजेपी जैसे संगठनों द्वारा दिए गए आह्वान के दौरान, "यह पता नहीं होता कि कितने और किस तरह के लोग आ जाएंगे। इस दौरान हमारी संपत्ति को नुकसान भी पहुंच सकता है। ये ऐसी संपत्तियां हैं जिन्हें जनता के फायदे के लिए बनाया गया है।"
राष्ट्रीय राजधानी में कई स्मारकों की दीवारों को विरूपित किए जाने और चारों ओर फैले कचरे का हवाला देते हुए एनडीएमसी प्रमुख ने कहा, "ऐसे मामलों में संपत्ति को पहले जैसी स्थिति में लाना मुश्किल होता है और कई बार तो इसे पूरी तरह से ठीक करना संभव ही नहीं होता।"
उन्होंने बताया, "इसलिए इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए हम पार्क में किसी भी गतिविधि की अनुमति तभी देते हैं जब हमें यह पता हो कि कितने लोग आने वाले हैं और वे कितनी देर तक वहां रहेंगे। यही वजह है कि पार्क में किसी भी तरह की गतिविधि करने के लिए एनडीएमसी से अनुमति लेनी पड़ती है।"
उन्होंने कहा कि एनडीएमसी पार्क में सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रदर्शनियों के लिए अनुमति देता है।
द्विवेदी ने कहा, "हाल ही में भी हमने पार्क में कई कार्यक्रमों के लिए अनुमति दी है। एनडीएमसी ऐसे आयोजनों में मदद भी करता है। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए हम पार्क को न केवल सुंदर बनाने के लिए अपग्रेड कर रहे हैं, बल्कि यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि लोग यहां सभी तरह की सुविधाओं का लाभ उठा सकें।"
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी
