Aapka Rajasthan

पेंटागन ने एंथ्रोपिक से दूरी बनाकर अपने गोपनीय नेटवर्क में ओपेनएआई के मॉडल चुने

नई दिल्ली, 28 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के रक्षा विभाग (पेंटागन) ने अपने क्लासिफाइड नेटवर्क पर ओपेनएआई के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मॉडल तैनात करने का फैसला किया है। यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब विभाग ने एआई सुरक्षा और सैन्य उपयोग को लेकर मतभेदों के चलते एंथ्रोपिक से दूरी बना ली है। ओपेनएआई के प्रमुख सैम ऑल्टमैन ने शनिवार को इसकी पुष्टि की।
 
पेंटागन ने एंथ्रोपिक से दूरी बनाकर अपने गोपनीय नेटवर्क में ओपेनएआई के मॉडल चुने

नई दिल्ली, 28 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के रक्षा विभाग (पेंटागन) ने अपने क्लासिफाइड नेटवर्क पर ओपेनएआई के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मॉडल तैनात करने का फैसला किया है। यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब विभाग ने एआई सुरक्षा और सैन्य उपयोग को लेकर मतभेदों के चलते एंथ्रोपिक से दूरी बना ली है। ओपेनएआई के प्रमुख सैम ऑल्टमैन ने शनिवार को इसकी पुष्टि की।

ऑल्टमैन ने बताया कि कंपनी ने पेंटागन के साथ समझौता कर लिया है और अब मॉडल तैनाती की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि रक्षा विभाग के साथ हुई बातचीत में 'सुरक्षा के प्रति गहरा सम्मान' और बेहतर परिणाम हासिल करने की साझा इच्छा दिखी।

रक्षा विभाग को 'डिपार्टमेंट ऑफ वॉर (डीओडब्ल्यू)' कहकर संबोधित करते हुए ऑल्टमैन ने कहा कि ओपेनएआई मानवता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन दुनिया 'जटिल, अव्यवस्थित और कभी-कभी खतरनाक' भी है।

उन्होंने लिखा, "आज रात हमने डिपार्टमेंट ऑफ वॉर के साथ अपने मॉडल उनके क्लासिफाइड नेटवर्क में तैनात करने का समझौता किया। हमारी सभी बातचीत में डीओडब्ल्यू ने सुरक्षा के प्रति गहरा सम्मान दिखाया और बेहतर परिणाम के लिए साझेदारी की इच्छा जताई।"

ऑल्टमैन ने कहा कि ओपेनएआई एआई सुरक्षा और इसके लाभों के व्यापक वितरण को प्राथमिकता देता है। उन्होंने बताया कि कंपनी के दो प्रमुख सुरक्षा सिद्धांत हैं - घरेलू स्तर पर सामूहिक निगरानी (मास सर्विलांस) पर रोक और बल के उपयोग, खासकर स्वायत्त हथियार प्रणालियों में, मानव की जिम्मेदारी सुनिश्चित करना।

ऑल्टमैन के अनुसार, पेंटागन के साथ हुए इस समझौते में इन सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं किया गया है। रक्षा विभाग भी इन सिद्धांतों से सहमत है और इन्हें अपनी नीतियों और कानूनों में शामिल करता है।

उन्होंने कहा, "डीओडब्ल्यू इन सिद्धांतों से सहमत है, इन्हें अपने कानून और नीतियों में दर्शाता है और हमने इन्हें अपने समझौते में शामिल किया है।"

उन्होंने दोहराया, "हम मानवता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। दुनिया जटिल और कभी-कभी खतरनाक है।"

समझौते के तहत ओपेनएआई तकनीकी सुरक्षा उपाय (सेफगार्ड) तैयार करेगा ताकि उसके मॉडल निर्धारित तरीके से काम करें।

कंपनी अपने इंजीनियरों की टीम भी तैनात करेगी, जो फील्ड में मॉडल के सुरक्षित उपयोग को सुनिश्चित करेगी। ऑल्टमैन ने कहा कि मॉडल केवल सुरक्षित क्लाउड नेटवर्क पर ही तैनात किए जाएंगे।

पेंटागन का यह फैसला क्लाउड एआई मॉडल के निर्माता एंथ्रोपिक के साथ चल रहे सार्वजनिक मतभेदों के बीच आया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रक्षा विभाग एआई टूल्स के सभी कानूनी सैन्य उपयोगों की अनुमति चाहता था, जिसमें हथियार विकास, खुफिया जानकारी जुटाना और युद्ध क्षेत्र में संचालन जैसे संवेदनशील क्षेत्र शामिल हैं।

वहीं, एंथ्रोपिक ने पूरी तरह स्वायत्त हथियारों और अमेरिकियों की व्यापक निगरानी जैसे मामलों में सीमाएं तय करने पर जोर दिया था।

--आईएएनएस

डीबीपी/