Aapka Rajasthan

'लगान' के अंग्रेज अफसर ने सुनाया मजेदार किस्सा, बोले- 'गुजरात में लगा सबसे बड़ा झटका'

मुंबई, 30 जून (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में शामिल 'लगान' को रिलीज हुए 25 साल पूरे हो चुके हैं। इस खास मौके पर फिल्म में अंग्रेज अफसर कैप्टन एंड्रयू रसेल का दमदार किरदार निभाने वाले ब्रिटिश अभिनेता पॉल ब्लैकथॉर्न ने कई दिलचस्प किस्से साझा किए।
 

मुंबई, 30 जून (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में शामिल 'लगान' को रिलीज हुए 25 साल पूरे हो चुके हैं। इस खास मौके पर फिल्म में अंग्रेज अफसर कैप्टन एंड्रयू रसेल का दमदार किरदार निभाने वाले ब्रिटिश अभिनेता पॉल ब्लैकथॉर्न ने कई दिलचस्प किस्से साझा किए।

उन्होंने बताया कि भारत में शूटिंग के दौरान उन्हें और उनकी टीम को सबसे बड़ा झटका किस बात से लगा था। उन्होंने फिल्म के सेट का माहौल, आमिर खान से जुड़ी चर्चा और भुज शहर में बिताए दिनों की यादें भी साझा कीं।

आईएएनएस से बातचीत में पॉल ब्लैकथॉर्न ने कहा, "लगान की शूटिंग मेरे करियर के सबसे यादगार अनुभवों में से एक रही। भारत आकर मुझे कुछ ऐसी चीजें भी देखने को मिलीं, जिनकी मैंने पहले कभी कल्पना नहीं की थी। हमारे लिए सबसे बड़ा झटका यह था कि गुजरात में शराब की बिक्री नहीं होती।"

पॉल ने हंसते हुए कहा, ''हम ब्रिटिश लोगों का सबसे पहला सवाल यही होता था कि शराब कहां मिलेगी। गुजरात में इसकी बिक्री नहीं होती थी, इसलिए शनिवार की रात जश्न मनाने के लिए हमें अलग-अलग जगहों से शराब का इंतजाम करना पड़ता था। यह अनुभव हमारे लिए बिल्कुल नया था, क्योंकि हम ऐसे माहौल के आदी नहीं थे।''

उन्होंने बताया, ''भुज शहर में शूटिंग करना आसान नहीं था। वहां मौसम बेहद गर्म और सूखा रहता था। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच घंटों शूटिंग करनी पड़ती थी। इसके बावजूद पूरी टीम ने एक परिवार की तरह मिलकर काम किया और सभी कलाकारों ने मुश्किल हालात में भी बेस्ट दिया।''

आईएएनएस ने पॉल ब्लैकथॉर्न से पूछा कि क्या उन्हें वह घटना याद है, जब आमिर खान शूटिंग के दौरान एक बार बस छूट जाने की वजह से पीछे रह गए थे, तो उन्होंने कहा, "मुझे यह किस्सा याद नहीं है। अगर ऐसा हुआ भी होगा तो जरूर कोई जरूरी वजह रही होगी। आमिर खान सिर्फ अभिनेता ही नहीं, बल्कि इस फिल्म के निर्माता भी थे। उन पर कई तरह की जिम्मेदारियां थीं। इसलिए अगर कभी वे देर से पहुंचे होंगे, तो उसके पीछे कोई कारण जरूर रहा होगा।"

फिल्म 'लगान' में पॉल ब्लैकथॉर्न ने कैप्टन एंड्रयू रसेल का किरदार निभाया था। फिल्म की कहानी एक ऐसे अंग्रेज अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो गांव वालों के सामने क्रिकेट मैच जीतने की शर्त रखता है। अगर गांव वाले मैच जीत जाते हैं तो उन्हें लगान नहीं देना होगा।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम