'मैं मिमिक्री करने में बहुत खराब हूं', पंकज त्रिपाठी ने बताया अटल बिहारी वाजपेयी का किरदार निभाना क्यों था चुनौतीपूर्ण
मुंबई, 26 जुलाई (आईएएनएस)। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जिंदगी पर बनी फिल्म 'मैं अटल हूं' में अभिनेता पकंज त्रिपाठी के अभिनय ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। शेखर सुमन के चैट शो 'शेखर टुनाइट' में बातचीत के दौरान पकंज त्रिपाठी ने बताया कि ये किरदार उनके लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था, क्योंकि उन्हें सिर्फ अटल जी की आवाज और अंदाज नहीं, बल्कि उनकी सोच और व्यक्तित्व को भी पर्दे पर उतारना था।
पंकज त्रिपाठी ने शो में बातचीत के दौरान कहा, ''अटल बिहारी वाजपेयी के किरदार को निभाने के लिए मुझे काफी तैयारी करनी पड़ी थी। इसके लिए मैंने अटल जी के बारे में कई किताबें पढ़ीं, उनके पुराने भाषण सुने और उनकी सोच को समझने की कोशिश की लेकिन इसके बावजूद मन में एक डर बना हुआ था कि मैं अटल जी के अंदाज और बोलने के तरीके को पर्दे पर सही तरीके से दिखा पाऊंगा या नहीं।''
अभिनेता ने बताया, "मेरी सबसे बड़ी परेशानी यह थी कि मैं मिमिक्री में बहुत खराब हूं, इसलिए मन में यह सवाल बना रहता था कि मैं अटल बिहारी वाजपेयी की आवाज, हाव-भाव और बोलने के अंदाज को कितना पकड़ पाऊंगा। मेरे लिए सिर्फ आवाज की नकल करना ही काफी नहीं था, बल्कि अटल जी की सोच और व्यक्तित्व को समझना भी जरूरी था।"
उन्होंने बताया, "फिल्म के ट्रेलर में दिखाया गया एक सीन मेरे शूटिंग के पहले दिन का था। इस सीन को देख मैं थोड़ा घबरा गया था। मैं अपना सिर पकड़कर बैठ गया था और सोचा कि मेकर्स ने इसे ट्रेलर में क्यों डाल दिया। हालांकि, धीरे-धीरे एहसास हुआ कि किसी भी इंसान को सिर्फ उसके बाहरी रूप से नहीं समझा जा सकता। किसी व्यक्ति की असली पहचान उसके विचारों, उसकी सोच और उसके सफर से होती है।"
अभिनेता पकंज त्रिपाठी ने कहा, ''अटल बिहारी वाजपेयी की कहानी सिर्फ उनके दिखने या बोलने के अंदाज की कहानी नहीं है, बल्कि उनके विचारों और देश के लिए उनके योगदान की कहानी है। जब किसी लोकप्रिय व्यक्ति पर बायोपिक बनाई जाती है तो दर्शकों की उम्मीद होती है कि कलाकार बिल्कुल उसी व्यक्ति जैसा दिखाई दे लेकिन मेरे हिसाब से किसी किरदार को निभाने का मतलब केवल चेहरा और आवाज मिलाना नहीं होता। जरूरी यह है कि उस व्यक्ति की भावनाओं, सोच और जीवन के संघर्षों को समझा जाए।''
अभिनेता ने बताया, ''अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन के कई ऐसे पहलू हैं, जिन्हें आम लोगों ने नहीं देखा है। हमने उनके भाषण और सार्वजनिक जीवन को देखा है, लेकिन उनके निजी पलों में वह क्या सोचते थे, यह हमने नहीं देखा। यही चीज इस किरदार को निभाने के लिए सबसे बड़ी चुनौती थी।''
रवि जाधव के निर्देशन में बनी फिल्म 'मैं अटल हूं' 19 जनवरी 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
--आईएएनएस
पीके/वीसी
