स्क्रीन टाइम छोटा हो या बड़ा, 'पंचायत' में हर किरदार की अपनी पहचान: फैसल मलिक
मुंबई, 24 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता फैसल मलिक ने 'पंचायत' वेब सीरीज में प्रहलाद चा के किरदार से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। इस सीरीज की खूबियों को लेकर उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि इस शो की सबसे बड़ी खासियत इसकी कहानी और किरदार हैं। इसमें कई ऐसे किरदार हैं, जिनका स्क्रीन टाइम भले ही कम हो, लेकिन उनका असर काफी गहरा है।
शो की शानदार राइटिंग ने हर छोटे-बड़े किरदार को इस तरह पेश किया है कि दर्शक उनसे आसानी से जुड़ जाते हैं।
आईएएनएस से बात करते हुए फैसल मलिक ने बताया कि 'पंचायत' पहला ऐसा शो है, जिसमें उन्होंने देखा कि किरदार चाहे छोटा हो या बड़ा, दर्शकों को उसके बारे में पूरी जानकारी होती है। लोग उन किरदारों को ध्यान से देखते हैं, उनकी बातों को समझते हैं और उनसे पूरी तरह जुड़ जाते हैं।
जब फैसल से पूछा गया कि क्या आपको लगता है कि आज भारतीय दर्शक बड़े सेट और भव्यता वाली कहानियों के बजाय अपनी मिट्टी से जुड़ी कहानियां देखना ज्यादा पसंद कर रहे हैं, तो उन्होंने इस पर कहा, ''ऐसा हमेशा से रहा है। अच्छी कहानियां हमेशा चलती हैं।''
बता दें कि 'पंचायत' भारत की सबसे पसंदीदा स्ट्रीमिंग सीरीज में शामिल हो चुकी है। इस शो ने गांव की जिंदगी को जिस सादगी और वास्तविकता के साथ पर्दे पर दिखाया है, उससे दर्शकों के बीच इसकी अलग पहचान बनी है। सीरीज की सफलता से साबित है कि भारतीय दर्शकों को छोटे शहरों और गांवों की जमीन से जुड़ी कहानियां पसंद आती हैं।
कहानी की बात करें तो 'पंचायत' की कहानी काल्पनिक गांव फुलेरा पर आधारित है। इसमें अभिषेक त्रिपाठी नाम के एक इंजीनियरिंग ग्रेजुएट की जिंदगी दिखाई गई है, जिसका किरदार जितेंद्र कुमार ने निभाया है। अभिषेक को मजबूरी में गांव में पंचायत सचिव की नौकरी करनी पड़ती है। शुरुआत में यह नौकरी उसे किसी सजा से कम नहीं लगती, लेकिन धीरे-धीरे गांव के लोगों के साथ उसके रिश्ते बनते हैं और यह सफर उसके लिए यादगार बन जाता है।
सीरीज में नीना गुप्ता, रघुबीर यादव और अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। शो की खासियत यह है कि यह हंसी-मजाक के साथ भावनाओं और रिश्तों को भी खूबसूरती से पेश करता है। इसमें गांव की राजनीति, पंचायत व्यवस्था, जातिगत समीकरण, आपसी रिश्ते और लोगों की उम्मीदों को बिना किसी बनावटीपन के दिखाया गया है।
'पंचायत' सीरीज का अगला सीजन 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होने के लिए तैयार है।
--आईएएनएस
पीके/डीकेपी
