Aapka Rajasthan

पाकिस्तान के कुछ युवा अपनी ऊर्जा आतंकवाद में लगा रहे: राजनाथ सिंह

नोएडा, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां के कुछ युवा अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल आतंकवाद को बढ़ावा देने में कर रहे हैं।
 
पाकिस्तान के कुछ युवा अपनी ऊर्जा आतंकवाद में लगा रहे: राजनाथ सिंह

नोएडा, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां के कुछ युवा अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल आतंकवाद को बढ़ावा देने में कर रहे हैं।

नोएडा में नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “भारत के युवा जब अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग करते हैं, तो वे ऐसी तकनीक विकसित करते हैं जो दुनिया को बेहतर बनाती है। वहीं, पाकिस्तान के कुछ युवा इसी ऊर्जा को आतंकवाद में लगा रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि युवा ऊर्जा का अटूट स्रोत होते हैं और यही ऊर्जा सृजन व विकास की नींव बनती है। उन्होंने कहा, “अगर यह ऊर्जा भटक जाए, तो विनाश का कारण भी बन सकती है।”

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत युवाओं को सही दिशा दिखाने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी क्षमताओं को पहचानें और पूरी निष्ठा के साथ अपने सपनों को पूरा करें।

उन्होंने कहा, “दुनिया की खूबसूरती को देखें, अपने सपनों का पीछा करें और जीवन का आनंद लें, लेकिन अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को कभी न भूलें। यही संतुलन सच्ची खुशी और सफलता की कुंजी है।”

रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। साथ ही, देश का सेमीकंडक्टर सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहा है और पिछले 11 वर्षों में बायो-इकोनॉमी 16 गुना से अधिक बढ़ी है।

एक अन्य घटनाक्रम में, रक्षा मंत्री ने महावीर चक्र से सम्मानित सेवानिवृत्त कर्नल सोनम वांगचुक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कर्नल वांगचुक को भारतीय सेना का बहादुर और अत्यंत सम्मानित अधिकारी बताते हुए उनकी वीरता, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

रक्षा मंत्री ने कहा कि लद्दाख के गौरव कर्नल वांगचुक ने कारगिल युद्ध के दौरान ऑपरेशन विजय में अदम्य साहस का परिचय दिया और उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

--आईएएनएस

डीएससी