Aapka Rajasthan

पाकिस्तान: खदान हादसों में दो मजदूरों की मौत, सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

इस्लामाबाद, 21 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के शांगला जिले में दो अलग-अलग कोयला खदान हादसों में दो खनिकों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
 
पाकिस्तान: खदान हादसों में दो मजदूरों की मौत, सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

इस्लामाबाद, 21 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के शांगला जिले में दो अलग-अलग कोयला खदान हादसों में दो खनिकों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।

स्थानीय मीडिया आउटलेट द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार, पहला हादसा अकोरवाल कोयला खदान की माइन नंबर 5 में हुआ, जहां काम के दौरान मलबा गिरने से दो मजदूर फंस गए। लगभग ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक एक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा घायल हो गया था।

घायल और मृतक दोनों ही शांगला जिले के निवासी बताए गए।

दूसरी घटना चपरमश्ती क्षेत्र की एक कोयला खदान में हुई, जहां काम के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई। शव को उसके गांव ले जाया गया जहां परिजनों ने उसे सुपुर्द-ए-खाक किया।

स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों ने पाकिस्तान की खदानों में सुरक्षा उपायों की कमी पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने सरकार से इस समस्या पर तत्काल ध्यान देने और सभी खदानों में सख्त सुरक्षा नियम लागू करने की मांग उठाई है। इनका कहना है कि आए दिन ऐसे हादसे होते रहते हैं और यहां काम करने वालों की जिंदगी पर खतरे के बादल मंडराते रहते हैं।

पिछले महीने भी बलूचिस्तान प्रांत के बोलान और दुकी क्षेत्रों में खदान हादसों में पांच मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि एक घायल हुआ था।

दैनिक डॉन के अनुसार, बाद में जांच में पता चला कि बोलान खदान में मीथेन गैस का स्तर बढ़ गया था, और तीन श्रमिकों का दम इसी वजह से घुट गया। वहीं कुछ श्रमिकों ने किसी तरह अपनी जान बचाकर अधिकारियों को इस बारे में सूचित किया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, कई हादसे खदानों में मीथेन गैस के जमाव और ऑक्सीजन की कमी के कारण दम घुटने से होते हैं। इसके अलावा कुछ मामलों में खनन ट्रॉली से टकराने जैसी दुर्घटनाएं भी सामने आई हैं।

लगातार हो रहे इन हादसों ने खनन क्षेत्रों में श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

--आईएएनएस

केआर/