पाकिस्तान : बलूचिस्तान में भारी बारिश के कारण चार लोगों की मौत, कई घायल
इस्लामाबाद, 3 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के कुछ हिस्सों में भारी मानसूनी बारिश के बाद झोब और खुजदार इलाकों में दो घरों की छतें ढहने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, मानसून से पहले की बारिश ने बलूचिस्तान के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। स्थानीय मीडिया ने शुक्रवार को बताया कि अचानक आई बाढ़ के कारण कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई, जो एक जिले को दूसरे से जोड़ती थीं। भारी बारिश के कारण घर, फसलें और बुनियादी ढांचा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
बाचा खान स्कूल के पास और झोब के शम्सी कॉलोनी में छत गिरने की घटनाएं हुईं, जहां भारी बारिश के बाद दो मिट्टी के घरों की छत गिर गई। स्थानीय प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि मलबे के नीचे दबने से एक महिला और दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि इस घटना में प्रभावित दोनों परिवारों के करीब 10 से अधिक सदस्य घायल हुए है।
घटना के बाद पुलिस, जिला प्रशासन के अधिकारी और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया, "बचावकर्मियों ने शवों को निकाला और घायलों को निकालकर झोब स्थित अस्पताल में भर्ती कराया।"
उन्होंने आगे बताया कि गंभीर रूप से घायल लोगों को विशेष उपचार के लिए क्वेटा रेफर कर दिया गया है। चिकित्सा-कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए।
खुजदार जिले में बारिश से संबंधित एक घटना में एक बच्चे की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। रिपोर्ट के अनुसार, बलूचिस्तान के कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी-तूफान के कारण मिट्टी के घर क्षतिग्रस्त हो गए और पेड़ व होर्डिंग उखड़ गए।
खराब मौसम के कारण क्वेटा समेत बलूचिस्तान के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। गुरुवार को रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता फारूक अहमद ने बताया कि पाकिस्तान के पंजाब में पिछले 24 घंटों में बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए।
डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता ने बताया कि तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण दीवारों, छतों और एक होर्डिंग के गिरने से हताहत हुए।
अटक में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। प्रवक्ता के अनुसार, पारा शाहीन बाग में एक घर की छत गिरने से तीन लोग घायल हो गए।
खुशब के क़ैदाबाद इलाके में बिजली गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि सरगोधा में तेज हवाओं के कारण एक साइनबोर्ड गिरने से एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
--आईएएनएस
एसके/एएस
