Aapka Rajasthan

कराची में छह मंजिला इमारत ढहने से मरने वालों की संख्या 11 हुई, आठ लोग अब भी लापता

इस्लामाबाद, 28 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के दक्षिणी बंदरगाह शहर कराची में छह मंजिला इमारत ढहने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। शनिवार को बचावकर्मियों ने मलबे से तीन और शव बरामद किए, जबकि कम से कम आठ लोग अब भी लापता हैं।
 

इस्लामाबाद, 28 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के दक्षिणी बंदरगाह शहर कराची में छह मंजिला इमारत ढहने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। शनिवार को बचावकर्मियों ने मलबे से तीन और शव बरामद किए, जबकि कम से कम आठ लोग अब भी लापता हैं।

बचाव अधिकारियों के मुताबिक, राहत और बचाव अभियान जारी है। रेस्क्यू 1122 के एक अधिकारी ने शिन्हुआ समाचार एजेंसी को बताया कि बचाव दल भारी मशीनरी और विशेष उपकरणों की मदद से मलबा हटाने में जुटे हैं।

यह इमारत बुधवार को सिंध प्रांत के कराची शहर के बलोच कॉलोनी इलाके में निर्माणाधीन अवस्था में ढह गई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में तीन लोगों की मौत हुई थी, 14 घायल हुए थे और कई लोग मलबे में फंसे थे।

शुक्रवार को बचावकर्मियों ने करीब 54 घंटे तक मलबे में फंसे 28 वर्षीय एक व्यक्ति को जीवित बाहर निकाला था।

सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने घटना के बाद तीन अधिकारियों को हटाने, सिंध बिल्डिंग कंट्रोल अथॉरिटी के 16 कर्मचारियों को निलंबित करने और उनकी कथित भूमिका व लापरवाही की जांच के आदेश दिए हैं।

इमारत के मालिकों, बिल्डर, वास्तुकार, स्ट्रक्चरल इंजीनियर और ठेकेदारों के खिलाफ कथित तौर पर घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल और अन्य नियमों के उल्लंघन को लेकर पुलिस मामला दर्ज किया गया है।

इस बीच, कराची कमिश्नर कार्यालय ने बताया कि शहर में अवैध और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई के तहत 516 इमारतों को सील किया गया है।

पाकिस्तान में इमारतों और छतों के ढहने की घटनाएं अक्सर सामने आती रही हैं। कमजोर सुरक्षा व्यवस्था और घटिया निर्माण सामग्री को ऐसी दुर्घटनाओं की प्रमुख वजह माना जाता है।

15 अक्टूबर को पाकिस्तान के पेशावर के अफरीदी आबाद इलाके में एक स्कूल की इमारत ढहने से कम से कम 31 लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में 30 छात्र और एक महिला शिक्षक शामिल थे। स्थानीय बचाव अधिकारियों के अनुसार, स्कूल की छत का निर्माण कमजोर था और संकरी गलियों में स्थित होने के कारण बचाव अभियान में भी मुश्किलें आई थीं।

--आईएएनएस

डीएससी