पाकिस्तान: लाहौर में यौन हिंसा के मामले बढ़े, अजरबैजान की 20 वर्षीय महिला का गैंगरेप
लंदन, 29 सितंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान में यौन हिंसा के मामलों में चिंताजनक बढ़ोतरी हुई है। पंजाब प्रांत की राजधानी लाहौर के हालात बेहद खराब हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार इस साल शुरू के आठ महीनों में ही यौन उत्पीड़न के 1,180 मामले दर्ज किए गए हैं।
हाल ही में एक अजेरी महिला के साथ हुई ज्यादती ने पाकिस्तान की दुनिया में फजीहत करा दी है। अजरबैजान की 20 साल की एक महिला को लाहौर के एक अपार्टमेंट में तीन लोगों ने कथित तौर पर नशीली दवा देकर गैंगरेप किया।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, बाकू की रहने वाली यह महिला एक बिजनेस ट्रिप पर पाकिस्तान आई थी। शनिवार (26 सितंबर) को राइविंड के डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी इलाके में उसके साथ कथित तौर पर रेप किया गया। उसने बताया कि दो महिलाओं ने उसे एक स्थानीय रेस्तरां में डिनर के लिए बुलाया था, जहां बाद में तीन पुरुष भी उनके साथ शामिल हो गए। ब्रिटेन के प्रमुख अखबार 'द इंडिपेंडेंट' की एक रिपोर्ट में इसका खुलासा किया गया है।
महिला का आरोप है कि उन पुरुषों ने उसे और दूसरी दो महिलाओं को घर छोड़ने का झांसा दिया, लेकिन इसके बजाय उसे एक अनजान फ्लैट पर ले गए। उसे नशीली दवा देकर गैंगरेप किया गया और बाद में छोड़ दिया गया; साथ ही, संदिग्धों ने उसका मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान भी छीन लिया था।
पीड़ित ने दावा किया कि संदिग्ध उन महिलाओं के दोस्त थे जिन्होंने उसे डिनर के लिए बुलाया था। रिपोर्ट के अनुसार, उसने दावा किया कि वह संदिग्धों को उनके चेहरों से पहचान सकती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई में इसी इलाके में नीदरलैंड और वेनेजुएला की महिलाओं को अगवा कर रेप किया गया था। पुलिस ने लगभग दो घंटे बाद उन्हें बचाया और बाद में अपराध में शामिल होने के संदेह में चार लोगों को गिरफ्तार किया था।
ये महिलाएं मुख्य संदिग्ध माने जा रहे मुहम्मद रजा डार के बुलावे पर पाकिस्तान आई थीं।
हाल ही की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा की बढ़ती घटनाओं ने पाकिस्तान में महिलाओं के सामने मौजूद खतरों और उनकी सुरक्षा के लिए बनी संस्थाओं की विफलता को उजागर किया है। महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा की इन घटनाओं में पढ़े-लिखे और अनपढ़, दोनों तरह के पुरुष शामिल होते हैं जो यौन उत्पीड़न, रेप, टॉर्चर और हत्या जैसे अपराध करते हैं।
20 अगस्त को, पाकिस्तान के रावलपिंडी में एक 45 वर्षीय महिला अपने घर पर मृत पाई गई, जिसके शरीर पर टॉर्चर के निशान थे। ऑस्ट्रेलिया की 'पर्ल्स एंड इरिटेशन्स' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उनके पति फैसल असगर इमाम (यूनिवर्सिटी में मेडिकल प्रोफेसर) को घरेलू हिंसा के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
--आईएएनएस
केआर/
